दोहा डायमंड लीग: नीरज चोपड़ा चौथे स्थान पर, श्रीलंका के रुमेश पथिरगे बने विजेता
Indias News Hindi June 20, 2026 04:42 AM

दोहा, 20 जून . सुहैन बिन हमाद स्टेडियम में खेले गए दोहा डायमंड लीग में India के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा टॉप-3 में जगह बनाने में असफल रहे. नीरज चोपड़ा चौथे स्थान पर रहे. नीरज ने तीसरे प्रयास में अपना बेस्ट थ्रो (85.69) फेंका था. नीरज के लिए अच्छी बात यह रही कि उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है. श्रीलंका के रुमेश पथिरगे 88.68 मीटर के थ्रो के साथ पहले स्थान पर रहे.

चोट से वापसी कर रहे नीरज चोपड़ा का सीजन का यह पहला डायमंड लीग इवेंट था. उनकी शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. उनका पहला थ्रो फाउल रहा था. नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 82.77 मीटर का थ्रो किया. इस थ्रो के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स में उनकी जगह पक्की हो गई. कॉमनवेल्थ में जगह पक्की करने के लिए 82.61 मीटर का ही थ्रो जरूरी था.

नीरज चोपड़ा ने तीसरे राउंड में 85.69 मीटर का थ्रो किया. इस प्रयास के बाद वह टॉप-3 में आ गए थे.

तीसरे राउंड की समाप्ति के बाद नीरज चोपड़ा तीसरे स्थान पर थे. पहले स्थान पर ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (86.38 मीटर), दूसरे स्थान पर अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन (85.99 मीटर) और तीसरे स्थान पर नीरज चोपड़ा (85.69 मीटर) थे.

नीरज चोपड़ा अपने चौथे प्रयास में 83.45 मीटर का थ्रो फेंक पाए. इस प्रयास के बाद वह टॉप-3 से बाहर हो गए थे. चौथे प्रयास में श्रीलंका के जेवलिन स्टार रुमेश पथिरगे 88.68 मीटर का थ्रो फेंककर सीधे पहले स्थान पर जगह बना ली थी.

चोपड़ा का पांचवां प्रयास भी फाउल रहा था. नीरज आखिरी राउंड के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके.

सूची पर नजर डालें तो रुमेश पथिरगे (88.68 मीटर) पहले, एंडरसन पीटर्स (86.38 मीटर) दूसरे, कर्टिस थॉम्पसन (85.99 मीटर) तीसरे, और नीरज चोपड़ा (85.69 मीटर) चौथे स्थान पर रहे. आर्टुर फेल्फनर (83.62 मीटर) पांचवें और जूलियस येगो (82.22 मीटर) छठे स्थान पर रहे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.