Khatron Ke Khiladi 15: छोटे पर्दे के दर्शकों के लिए वीकेंड एंटरटेनमेंट का पूरा गणित बदलने जा रहा है. टीवी पर अपनी खास कॉमेडी और टेस्टलेस पकवानों के तड़के से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा पॉपुलर शो ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ अब जल्द ही छोटे पर्दे से विदा लेने वाला है. लेकिन, फैंस को निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, क्योंकि टीवी9 हिंदी डिजिटल को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रोहित शेट्टी का रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ को रिप्लेस कर सकता है.
कलर्स टीवी का ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ अब अपने फिनाले की ओर बढ़ रहा है और इसका आखिरी एपिसोड 28 जून 2026 को टेलीकास्ट किया जा सकता है. जानकारी के मुताबिक, इस शो के ऑफ-एयर होते ही रोहित शेट्टी का मोस्टअवेटेड शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ इसे प्राइम-टाइम स्लॉट पर रिप्लेस करेगा. जुलाई 2026 के पहले वीकेंड से ही इस नए सीजन का धमाकेदार प्रीमियर चैनल पर कर दिया जाएगा.
एक साल बाद रोहित शेट्टी की वापसीचैनल या मेकर्स ने अभी तक इस रिप्लेसमेंट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को जुलाई के पहले हफ्ते से ही ऑन-एयर करने की तैयारी पूरी हो चुकी है. प्रोडक्शन हाउस के बीच कुछ तकनीकी और वैचारिक मतभेदों के कारण पिछले साल ये शो टीवी पर दस्तक नहीं दे सका था. यही वजह है कि पूरे एक साल के लंबे इंतजार के बाद फैंस रोहित शेट्टी के इस शो को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं. ‘लाफ्टर शेफ्स’ की बात करें तो भारती सिंह की होस्टिंग और शेफ हरपाल सिंह सोखी की जजिंग के बीच अंकिता लोखंडे-विकी जैन, करण कुंद्रा-एलविश यादव, अली गोनी-जन्नत जुबैर और अभिषेक कुमार जैसी जोड़ियां दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रही हैं.
ये भी पढ़ें- जाह्नवी कपूर के बाद कृति सेनन के सीन को लेकर छिड़ी बहस, ‘कॉकटेल 2’ ने खड़े किए सवाल
केपटाउन में शूट जारीदूसरी तरफ, ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का काउंटडाउन और उससे जुड़ा रोमांच अब अंतिम चरण में है. इस समय साउथ अफ्रीका के केपटाउन शहर में शो की शूटिंग इंटरनेशनल लेवल के स्टंट्स के साथ चल रही है. रोहित शेट्टी के कड़े निर्देशों के तहत सभी कंटेस्टेंट्स मई महीने से ही वहां अपने सबसे बड़े डरों का सामना कर रहे हैं. इस बार मेकर्स ने नए चेहरों के साथ पुराने सीजन के धुरंधरों का एक दिलचस्प कॉम्बिनेशन तैयार किया है.
ये 3 जांबाज बने टॉप फाइनलिस्ट!जहां एक तरफ गौरव खन्ना, ओरी, हर्ष गुजराल और अविनाश मिश्रा जैसे नए चेहरे पहली बार स्टंट करते दिखेंगे, वहीं रुबीना दिलैक, करण वाही और ऋत्विक धनजानी जैसे पूर्व खिलाड़ी दोबारा अपनी किस्मत आजमाने पहुंचे हैं. टीवी9 हिंदी डिजिटल के प्लेटफ़ार्म पर हमने ये बात आपको सबसे पहले बताई थी कि इस शो को सीजन के टॉप 3 फाइनलिस्ट भी मिल चुके हैं. माना जा रहा है कि अविनाश मिश्रा, फरहाना भट्ट और करन वाही ने अपने बेखौफ अंदाज और शानदार परफॉर्मेंस के दम पर फिनाले का टिकट पक्का कर लिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘लाफ्टर शेफ्स’ की विदाई के बाद खतरों के खिलाड़ी का नया सीजन टीआरपी चार्ट पर क्या कमाल दिखाता है.