कम पैसे में घूमें अपना देश, IRCTC लाया है शानदार पैकेज, रहना-खाना बिल्कुल फ्री
सोनम June 20, 2026 07:12 AM

IRCTC Panch Mahatirth Darshan Yatra 2026: अगर आप एक ही यात्रा में देश के पांच प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं, तो आईआरसीटीसी आपके लिए खास धार्मिक यात्रा लेकर आया है. भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिए आयोजित की जा रही यह पंच महातीर्थ दर्शन यात्रा यात्रियों को जगन्नाथ पुरी, कामाख्या, गया, काशी और अयोध्या के दर्शन कराएगी. यह यात्रा 29 अगस्त 2026 से शुरू होकर 10 सितंबर 2026 तक चलेगी और कुल 12 रात व 13 दिनों की होगी. 

कहां से चलेगी ट्रेन?

यह विशेष ट्रेन राजकोट से रवाना होगी और रास्ते में सुरेंद्रनगर, वीरमगाम, साबरमती जंक्शन, नडियाद, आनंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, उज्जैन और संत हिरदाराम नगर सहित कई स्टेशनों से यात्री इसमें सवार हो सकेंगे. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है. यात्रा का पहला प्रमुख पड़ाव ओडिशा का पुरी होगा. यहां श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके अलावा पुरी बीच और स्थानीय बाजार घूमने का अवसर भी मिलेगा. अगले दिन विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर और भुवनेश्वर स्थित लिंगराज मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. 

इसे भी पढ़ें- मां कामाख्या के दर्शन करने हैं तो IRCTC ले आया बेहतरीन प्लान, मात्र 2550 में मिल रहा पूरा पैकेज

असम और बिहार में यहां होंगे दर्शन

ओडिशा के बाद ट्रेन असम के गुवाहाटी पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु शक्तिपीठ मां कामाख्या मंदिर के दर्शन करेंगे. यात्रा कार्यक्रम में कामाख्या मंदिर में विशेष दर्शन के लिए पर्याप्त समय रखा गया है, जिससे यात्री धार्मिक अनुष्ठानों में भी भाग ले सकें.  गुवाहाटी के बाद यात्रा बिहार के गया और बोधगया पहुंचेगी.  यहां महाबोधि मंदिर, विशाल बुद्ध प्रतिमा, विष्णुपद मंदिर और मां सर्वमंगला गौरी शक्तिपीठ के दर्शन कराए जाएंगे. बौद्ध और हिंदू धर्म से जुड़े इन स्थलों का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. 

उत्तर प्रदेश में इन जगहों पर घूम सकेंगे

इसके बाद श्रद्धालु वाराणसी पहुंचेंगे, जहां बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर के दर्शन का अवसर मिलेगा. गंगा घाट की आध्यात्मिक अनुभूति भी इस यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगी. वाराणसी के बाद यात्रा अयोध्या पहुंचेगी, जहां राम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन कराए जाएंगे.

 

कितना पड़ेगा खर्च और सुविधाएं?

यात्रा के लिए स्लीपर, 3 एसी और 2 एसी श्रेणियों में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है. स्लीपर श्रेणी का किराया 24,200 रुपये, 3 एसी का 40,100 रुपये और 2 एसी का 49,500 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है. पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, प्रतिदिन पानी की बोतल, स्थानीय परिवहन, टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं. हालांकि स्मारकों के प्रवेश शुल्क, विशेष दर्शन टिकट, व्यक्तिगत खर्च, गाइड शुल्क और अन्य निजी सेवाएं पैकेज का हिस्सा नहीं होंगी.

इसे भी पढ़ें- रहना-खाना सब फ्री, महज 16700 रुपये में काशी से लेकर अयोध्या तक के दर्शन करा रहा IRCTC

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.