हैदराबाद में NEET परीक्षा से ठीक पहले छात्रा ने दे दी जान, सुसाइड नोट में लिखी ये बात
TV9 Bharatvarsh June 21, 2026 11:42 AM

Hyderabad News: देश में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (NEET) को लेकर छात्रों पर बढ़ता मानसिक दबाव एक बार फिर एक दुखद हादसे की वजह बना है. हैदराबाद के मियापुर इलाके में स्थित जयबेरी कल्पना अपार्टमेंट में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा शेख सना ने परीक्षा के तनाव के चलते आत्महत्या कर ली.

शेख सना अपनी बहनों के साथ रहकर NEET-UG परीक्षा की तैयारी कर रही थी. जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता शेख जफर हुसैन कुवैत में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां शेख अबू निसा घटना से करीब दस दिन पहले किसी काम से प्रोद्दाटूर गई हुई थीं. घर पर बहनों के साथ पढ़ाई कर रही सना पिछले कुछ समय से परीक्षा के अत्यधिक दबाव, परिवार की उम्मीदों के बोझ और पिछली नाकामियों के डर से गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही थी. इसी मानसिक परेशानी के चलते सना ने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.

घटनास्थल से पुलिस को अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें सना ने लिखा है, “मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है.” सूचना मिलते ही मियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गांधी हॉस्पिटल भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम-फरीदाबाद में NEET री-एग्जाम को लेकर धारा-163 लागू, बंदे रहेंगे कोचिंग सेंटर परीक्षा केंदों पर लगाए गए जैमर

21 जून को NEET-UG की परीक्षा

यह दुखद घटना ऐसे समय में सामने आई है जब रविवार, 21 जून 2026 को NEET-UG परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी कैमरों से अत्याधुनिक निगरानी की व्यवस्था की गई है. प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए भी बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. प्रशासन ने छात्रों से समय पर केंद्र पहुंचने की अपील की थी. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है, लेकिन इस कड़े प्रशासनिक पहरे और तैयारियों के बीच एक युवा जिंदगी का यूं चले जाना शिक्षा प्रणाली और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.