MP: गुना में दर्दनाक सड़क हादसा… आग का गोला बना ट्रक, जिंदा जल गया ड्राइवर
TV9 Bharatvarsh June 21, 2026 10:43 PM

Guna Accident: मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाईवे-46 पर शनिवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया. शिवपुरी-गुना की ओर से ब्यावरा-भोपाल जा रहा राजस्थान पासिंग कंटेनर बीनागंज बाईपास के पास अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया में जा गिरा. हादसे के कुछ ही क्षणों बाद कंटेनर में भीषण आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया.

जानकारी के मुुताबिक, इस हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. वह कंटेनर के भीतर ही फंस गया और जिंदा जल गया. जब तक राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, तब तक चालक का शव पूरी तरह जलकर राख हो चुका था.

जिंदा जल गया ड्राइवर

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के दौरान ट्रक पुलिस से नीचे जा गिरा, जिससे उसमें आग लग गई. आग लगने पर ट्रक चालक अंदर ही फंस गया और उसकी मौत हो गई. हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई. मौके पर पहु्ंची पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुट गई है.

हादसे में कंटेनर का क्लीनर मनीष बघेल निवासी शिवपुरी गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गुना जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि कंटेनर राजस्थान नंबर का था और शिवपुरी-गुना मार्ग से होते हुए ब्यावरा और भोपाल की ओर जा रहा था.

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बीनागंज चौकी पुलिस, चाचौड़ा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा.

चाचौड़ा एसडीओपी मनोज कुमार झाने बताया कि कंटेनर पुलिया में गिरने के बाद उसमें आग लग गई, जिसमें चालक की मौत हो गई है, जबकि घायल क्लीनर को इलाज के लिए गुना भेजा गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

इनपुट- प्रमोद पंत/गुना

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.