‘तुम्हारा प्रोफाइल शॉर्टलिस्ट कर लिया गया है. तुम्हें वेब सीरीज और फिल्मों में लीड रोल के लिए सिलेक्ट किया गया है…’ और फिर शुरू हुआ हीरो बनाने का झांसा देकर ठगी का खेल. कभी रजिस्ट्रेशन के नाम पर, तो कभी पोर्टफोलियो फीस के नाम पर, तो कभी मेंबरशिप के बहाने. हद तो तब हो गई, जब 90 के दशक की सुपरहिट फिल्म ‘आशिकी’ के लीड हीरो बनकर फोन करवाया गया और फिर अलग-अलग किस्तों में झांसा देकर कुल 46 लाख रुपये की ठगी कर ली गई. इसमें 36 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए गए, जबकि 10 लाख रुपये नकद भी झांसा देकर ले लिए गए.
10 लाख रुपये नकद सहित कुल 46 लाख रुपये देने के बावजूद युवक को न तो किसी वेब सीरीज, न ही किसी फिल्म या टीवी सीरियल में कोई काम मिला. उल्टा, जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे काम दिलाने के बजाय जान से मारने की धमकी मिलने लगी.
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाशअंततः थक-हारकर झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत हिनू के साकेत नगर निवासी शिवम कुमार ने नई दिल्ली के ड्रीम मेकर स्टूडियो की डायरेक्टर अलका ठाकुर, पार्टनर अरमान खान और खुद को बॉलीवुड अभिनेता बताकर फोन करने वाले विवेक उर्फ राहुल राय को आरोपी बनाया है.
तीनों के खिलाफ वेब सीरीज, फिल्मों और विभिन्न विज्ञापनों में लीड रोल दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये नकद समेत कुल 46 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच डोरंडा थाना पुलिस कर रही है.
कहां से शुरू हुआ खेल?ठगी के शिकार युवक शिवम कुमार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया गया है कि उसकी मुलाकात झारखंड के जमशेदपुर निवासी पलविंदर नामक युवक से हुई थी. उसी ने शिवम को बताया था कि दिल्ली के मधु विहार स्थित ड्रीम मेकर स्टूडियो की डायरेक्टर अलका ठाकुर से उसे मिलना चाहिए और वर्ष 2022 में दोनों का संपर्क करवाया था.
शुरुआत में ड्रीम मेकर स्टूडियो की डायरेक्टर ने शिवम से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1,000 रुपये और पोर्टफोलियो फीस के नाम पर 5,000 रुपये लिए. इसके बाद स्क्रीन टेस्ट और अन्य प्रक्रियाओं का झांसा देकर उसे दिल्ली बुलाया गया. दिल्ली के ओखला फेज-2 स्थित एक स्टूडियो में उसकी स्क्रीनिंग कराई गई और बताया गया कि एक वेब सीरीज के डायरेक्टर ने उसे लीड रोल के लिए चुन लिया है.
बाद में खुद को मुंबई का मशहूर डायरेक्टर बताने वाले विवेक उर्फ राहुल चंद्रवंशी ने वेब सीरीज में लीड रोल दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की. बेटे को लीड रोल दिलाने की उम्मीद में शिवम के परिजनों ने अलका ठाकुर के खाते में 5 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.
‘फिल्म आशिकी के हीरो से होगी मुलाकात’इसके बाद आरोपियों ने 90 के दशक की सुपरहिट फिल्म ‘आशिकी’ के हीरो से बात कराने का झांसा दिया और शिवम को एक बार फिर दिल्ली बुलाया. उसे साकेत स्थित एक प्रसिद्ध मॉल में बुलाकर टीवी प्रमोशनल एड के नाम पर 10 लाख रुपये नकद ले लिए गए. इतना ही नहीं, इंस्टाग्राम हैंडलिंग और विभिन्न सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इवेंट कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 36 लाख रुपये बैंक खातों में भी ट्रांसफर करवा लिए गए.
कुल 46 लाख रुपये देने के बावजूद शिवम को न तो किसी फिल्म में और न ही किसी वेब सीरीज में काम मिला.
ड्रीम मेकर स्टूडियो की डायरेक्टर पर केसइसी बीच पीड़ित परिवार को पता चला कि आरोपियों पर पहले भी इसी तरह की ठगी के आरोप लग चुके हैं और उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी हो चुकी है. इसके बाद शिवम और उसके परिवार ने ड्रीम मेकर स्टूडियो की डायरेक्टर अलका ठाकुर, पार्टनर अरमान खान और अन्य लोगों से अपने पैसे वापस मांगे. आरोप है कि इसके बाद उन्हें जान से मारने सहित कई तरह की धमकियां दी गईं.
अंततः थक-हारकर रांची के हिनू निवासी शिवम कुमार ने डोरंडा थाना में दिल्ली स्थित ड्रीम मेकर स्टूडियो की डायरेक्टर अलका ठाकुर, पार्टनर अरमान खान और खुद को अभिनेता बताने वाले विवेक उर्फ राहुल रघुवंशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच डोरंडा थाना पुलिस कर रही है.