गुजरात: विदेश जाने की चाह में बेटा बना हैवान! मां का गला दबाकर 20 लाख की नकदी-जेवर लूटे, आरोपी गिरफ्तार
TV9 Bharatvarsh June 22, 2026 09:43 PM

Junagadh Crime News: गुजरात के जूनागढ़ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसने मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित कर दिया है. यहां विदेश जाने की लालसा में एक बेटे ने अपनी ही मां को निशाना बनाया और उनसे लाखों रुपये लूट लिए. बेटे ने पहले मां को पीटा और फिर उसके पैसे और गहने लूट लिए. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी दीप व्यास को विदेश जाने के लिए पैसों की जरूरत थी. इसी दौरान उसने अपनी मां को निशाना बनाया. आरोपी ने मां से मारपीट करने के बादस, गला दबाकर उनसे करीब 5 लाख रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने छीन लिए. इस घटना से मां मानसिक रूप से व्याकुल हो गईं.

मां ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद लगभग एक महीने तक मां ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई. हालांकि, बाद में उन्होंने हिम्मत जुटाकर अपने बेटे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी बेटे को अरेस्ट कर पूछताछ शुरू कर दी है.

आरोपी बेटा गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीप व्यास को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं. पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर ले लिया है और आगे की पूछताछ कर रही है ताकि लूटी गई वस्तुओं के इस्तेमाल के स्थानों और इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके.

इस घटना ने मां और बेटे के पवित्र रिश्ते पर कलंक लगा दिया है और लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि पैसा और विदेश जाने का लालच किसी व्यक्ति को किस हद तक ले जा सकता है.

इनपुट- गुजरात डेस्क

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.