छक्कों की बारिश, चौकों की बारिश, हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में दाएं हाथ के बल्लेबाज अमन राव पेराला ने इतिहास रच दिया. अमन राव ने मेडक फाल्कंस के खिलाफ महज 32 गेंदों में शतक ठोक दिया और इसके साथ ही वो किसी भी भारतीय टी20 लीग में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए. अमन राव ने मैच में 48 गेंदों में 142 रनों की पारी खेली जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 295.83 रहा. इस खिलाड़ी ने अपनी तूफानी पारी में 13 छक्के और 12 चौके लगाए. अमन राव पेराला के शतक के दम पर वारंगल वॉरियर्स ने 20 ओवर में 258 रनों का स्कोर बनाया. हालांकि ये स्कोर भी मेडक फाल्कंस के लिए छोटा साबित हुआ क्योंकि भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने कमाल पारी खेली. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 8 छक्कों की मदद से नाबाद 136 रन ठोक वारंगल वॉरियर्स से जीत छीन ली.
तिलक वर्मा का धुआंधार शतकतिलक वर्मा ने 259 रनों के लक्ष्य का कमाल पीछा किया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 56 गेंदों में 8 छक्के और 14 चौकों के दम पर नाबाद 136 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 251 से ज्यादा का रहा. तिलक वर्मा के अलावा उनकी टीम के दूसरे किसी बल्लेबाज ने 30 का आंकड़ा तक नहीं छुआ लेकिन इसके बावजूद इस खिलाड़ी ने 2 गेंद पहले ही अपनी टीम को जीत दिला दी. तिलक वर्मा की इस पारी की दिलचस्प बात ये है कि वो रविवार को श्रीलंका में ट्राई सीरीज जिता कर लौटे थे और अब सोमवार को वो तेलंगाना टी20 लीग में भी खेलने लगे. तिलक मंगलवार को आयरलैंड दौरे पर रवाना होंगे.
अमन राव पेराला कौन हैं?The moment historians rewrote the narrative in the history books!
We tip out hat to the one and only, Tilak Varma! 🫡#WWvMF #SreenidhiUniversityTG20 #ManaCricketShuru pic.twitter.com/DtStWBJxUU
— tg20official (@tg20official) June 22, 2026
तिलक वर्मा ने भले ही अपने शतक से अमन राव के शतक को बेकार कर दिया लेकिन फिर भी 22 साल के इस खिलाड़ी की लगातार चर्चा हो रही है. बता दें अमन राव पेराला का जन्म अमेरिका में हुआ था लेकिन वो क्रिकेट खेलने हिंदुस्तान लौट आए. इस खिलाड़ी को आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा था. इस खिलाड़ी को कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन राजस्थान की टीम उनके टैलेंट से वाकिफ है और आने वाले वक्त में उन्हें मौका मिल सकता है.
अमन राव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 से नाम कमाया था, जहां उन्होंने 160 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 234 रन बनाए. आईपीएल ऑक्शन से पहले हुए इस टूर्नामेंट में उन्होंने मुंबई के एक ओवर में तीन चौके और 2 छक्के लगाए थे. इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 4 मैचों में 312 रन बनाए जिसमें उन्होंने बंगाल के खिलाफ नाबाद दोहरा शतक ठोका. इस मैच में उन्होंने मोहम्मद शमी, आकाश दीप और मुकेश कुमार जैसे गेंदबाजों की धुनाई की. अब अमन राव पेराला ने तेलंगाना टी20 लीग में अपना दम दिखा दिया है.