Mahesh Navami 2026 Date: हिंदू धर्म में महेश नवमी का पर्व विशेष धार्मिक और सामाजिक महत्व रखता है. यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना को समर्पित माना जाता है. खास तौर पर माहेश्वरी समाज के लिए यह पर्व बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने माहेश्वरी समाज के पूर्वजों को श्राप से मुक्ति देकर उन्हें नया जीवन और नई पहचान प्रदान की थी. यही वजह है कि महेश नवमी को माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस और महेश जयंती के रूप में भी मनाया जाता है.साल 2026 में महेश नवमी का व्रत और पूजा 23 जून, मंगलवार को की जाएगी. इस दिन देशभर में माहेश्वरी समाज के लोग धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं.
महेश नवमी पर कैसे करें पूजा?महेश नवमी के दिन स्नान करने के बाद घर या मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की विधिपूर्वक पूजा की जाती है. पूजा के दौरान भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फल अर्पित किए जाते हैं. वहीं माता पार्वती को सुहाग की सामग्री, फूल और श्रृंगार का सामान अर्पित करने की परंपरा है. भक्त शिव मंत्रों का जाप करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं. इस दिन शिव चालीसा, रुद्राष्टक और महामृत्युंजय मंत्र का पाठ भी विशेष फलदायी माना जाता है.
माहेश्वरी समाज के लिए क्यों खास है यह दिन?महेश नवमी माहेश्वरी समाज की सांस्कृतिक विरासत और एकता का प्रतीक मानी जाती है. इस अवसर पर समाज के लोग सामूहिक रूप से धार्मिक आयोजन करते हैं. कई स्थानों पर शोभायात्राएं निकाली जाती हैं, भजन-कीर्तन होते हैं और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. यह पर्व समाज को अपनी जड़ों, परंपराओं और भगवान शिव के प्रति आस्था से जोड़ने का कार्य करता है. इसलिए हर साल महेश नवमी का इंतजार माहेश्वरी समाज के लोग बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ करते हैं.
क्या है महेश नवमी का धार्मिक महत्व?महेश नवमी केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी है. मान्यता है कि प्राचीन काल में माहेश्वरी समाज के पूर्वजों को एक श्राप मिला था. बाद में उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती की कठोर तपस्या और आराधना की. उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें श्राप से मुक्त किया और समाज के कल्याण का आशीर्वाद दिया. इसी घटना की स्मृति में महेश नवमी का पर्व मनाया जाता है. माहेश्वरी समाज इस दिन को अपने उत्पत्ति दिवस के रूप में भी याद करता है और भगवान महेश यानी शिव का आभार व्यक्त करता है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.