ताश खेलते वक्त पहुंचे बदमाश, समस्तीपुर में दिनदहाड़े गिट्टी व्यापारी को मारी गोली… एक घंटे तड़पे; इलाज के अभाव में मौत
TV9 Bharatvarsh June 23, 2026 05:43 PM

बिहार में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक और खौफनाक उदाहरण समस्तीपुर से सामने आया है. समस्तीपुर जिले से हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है. कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर एक व्यवसायी समेत दो लोगों की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के रेक प्वाइंट के पास गिट्टी व्यवसायी सोनू सिंह (करीब 40 वर्ष) कुछ लोगों के साथ ताश खेल रहे थे. इसी दौरान कई अपराधी वहां पहुंचे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद बदमाशों ने सोनू सिंह के सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

गोलियों की आवाज सुनते ही मौके पर भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. परिजन घायल सोनू सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया. हालांकि, परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

‘एक घंटे तक तड़पते रहे, नहीं पहुंची पुलिस’

पोस्टमार्टम के दौरान मृतक की पत्नी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि गोली लगने के बाद उनके पति करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर तड़पते रहे, लेकिन समय पर न तो पुलिस पहुंची और न ही उन्हें तत्काल इलाज मिल सका. उनका कहना है कि यदि समय पर उपचार मिलता, तो शायद उनके पति की जान बच सकती थी. उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.

परिजनों का यह भी कहना है कि सोनू सिंह का किसी से कोई विवाद नहीं था. वे अपने साथियों के साथ ताश खेल रहे थे, तभी अपराधी आए और पास से गोली मार दी. आरोप है कि घटना के दौरान करीब पांच राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

मामले पर सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने वीडियो बयान जारी कर बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का फर्द बयान दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और कर्पूरीग्राम थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

घटना से आक्रोशित ग्रामीण और परिजन थाने पहुंच गए, जहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.