ICC रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, टी20 रैंकिंग में देखने को मिले बड़े बदलाव, इस भारतीय खिलाड़ी ने रचा इतिहास
एबीपी लाइव June 24, 2026 01:12 PM

इंग्लैंड में आयोजित महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत की युवा स्टार स्पिनर श्री चरणी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की नई नंबर-1 गेंदबाज बन गई हैं. टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहीं चरणी ने अब तक केवल तीन मैचों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में 24 रन देकर 3 विकेट लेने के उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें रैंकिंग में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है, जहां उन्होंने इंग्लैंड की लिन्से स्मिथ को गद्दी से उतारा है. श्री चरणी दूसरे स्थान से सीधे शीर्ष स्थान पर पहुंची हैं, जबकि इंग्लैंड की बाएं हाथ की स्पिनर लिन्से स्मिथ तीन मैचों में सिर्फ तीन विकेट लेने के बाद दो पायदान नीचे खिसककर तीसरे स्थान पर आ गई हैं. वहीं इंग्लैंड की ऑफ स्पिनर चार्ली डीन एक स्थान की बढ़त के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं.

श्री चरणी का रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन

वर्ल्ड कप 2026 में श्री चरणी भारत की सबसे प्रभावशाली मैच विनर बनकर उभरी हैं. वह 10 विकेट के साथ इस विश्व कप में फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं. इसके साथ ही उन्होंने किसी एक महिला वर्ल्ड कप संस्करण में भारतीय गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा विकेट लेने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है. उन्होंने पूनम यादव द्वारा 2020 महिला वर्ल्ड कप में बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की है. उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत 21 रन देकर 3 विकेट के शानदार प्रदर्शन के साथ की थी, जहां उन्होंने दीप्ति शर्मा के 5 विकेट हॉल का शानदार साथ निभाया था. इसके बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में चरणी ने 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए और भारत की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई थी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने 24 रन देकर 3 विकेट लिए और अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा था, हालांकि भारतीय टीम 158 रन के स्कोर का बचाव करने में नाकाम रही थी.

टॉप-10 गेंदबाजों की रैंकिंग में बड़े बदलाव

टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं. इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन चार स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि पाकिस्तान की स्पिनर सादिया इकबाल को भी दो स्थानों का फायदा मिला है. दूसरी तरफ लॉरेन बेल चार पायदान नीचे फिसलकर सातवें स्थान पर आ गई हैं, जबकि भारत की दीप्ति शर्मा को भी नई रैंकिंग में तीन स्थानों का नुकसान उठाना पड़ा है.

यह भी पढ़ें- सुनील गावस्कर ने BCCI से कर दी बड़ी अपील, कहा- इस साल नहीं हुआ पर अगले साल ध्यान दें

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग का हाल

महिला टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है. श्रीलंका की चमारी अथापथु एक स्थान ऊपर चढ़कर दीप्ति शर्मा से आगे निकल गई हैं. आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगास्ट और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को भी एक-एक स्थान का फायदा हुआ है. दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी ऑलराउंडर मैरिज़ेन कैप ने भारत के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने के बाद पांच स्थान की छलांग लगाई है और वह नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ पहले 17 रन देकर 2 विकेट हासिल किए और फिर नाबाद 81 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई.

यह भी पढ़ें- KKR के नए कप्तान बनेंगे हार्दिक पांड्या, ट्रेड डील में MI को चाहिए ये 2 खिलाड़ी! जानें क्या है अपडेट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.