कैसे होती है श्री सांवलिया सेठ मंदिर के दान की गिनती और कौन-कौन रहता है मौजूद? जून में आया रिकॉर्ड तोड़ चढ़ावा
TV9 Bharatvarsh June 24, 2026 08:43 PM

Shri Sanwaliya Seth Temple News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून महीने के मासिक भंडार की गणना पूरी हो गई है. हर महीने की तरह इस बार भी मंदिर मंडल की मौजूदगी में भंडार खोला गया और प्राप्त राशि की सार्वजनिक गणना की गई. मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि जून महीने के भंडार की गणना 7 चरणों में पूरी की गई, जिसमें प्राप्त नकदी, सोना-चांदी और अन्य चढ़ावे की गिनती की गई.

श्री सांवलिया जी मंदिर मंडल बोर्ड के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि यह सालों पुराना मंदिर है. पूर्व में यहां ट्रस्ट इस मंदिर की देखरेख करता था और वर्तमान में यहां श्री सांवलिया जी मंदिर बोर्ड सक्रिय है. उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से चले आ रहे भंडार के खोले जाने के नियमों का पालन किया जाता है. प्रत्येक महीने की अमावस्या से पूर्व की चतुर्दशी के अवसर पर इस भंडार को खोला जाता है.

मंदिर मंडल के कर्मचारी करते दान की गिनती

इस दौरान मंदिर मंडल बोर्ड के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जो पदेन अतिरिक्त जिला कलेक्टर है की मौजूदगी में इस भंडार को खोला जाता है. इस राशि को एक कक्ष में मंडल के सदस्यों और अधिकारियों की उपस्थिति में गिना जाता है. गणना का कार्य मंदिर मंडल के कर्मचारियों द्वारा किया जाता है, जिसमें आने और जाने के दौरान कार्मिकों की पूरी जांच होती है.

CCTV कैमरों से होती निगरानी

इसी के साथ पूरा का पूरा कमरा सीसीटीवी की निगरानी में रहता है, जिसके वीडियो बनाए जाते हैं और उनका रिकॉर्ड संभालकर रखा जाता है. कक्ष के बाहर मौजूद सुरक्षा कर्मी प्रवेश से पहले और निकालने के दौरान विधिवत जांच करते हैं. शुरुआत से व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है. इस बार श्री सांवलिया सेठ मंदिर के भंडार से कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपए की राशि प्राप्त हुई है.

जानें कहां से मिला कितना दान

इसमें भंडार से 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपए और ऑनलाइन और भेंट कक्ष से 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपए प्राप्त हुए. गणना के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 110 किलो 648 ग्राम चांदी भी प्राप्त हुई है. पिछले साल जून महीने में हुई भंडार गणना की तुलना में इस बार चढ़ावे में 11 करोड़ 28 लाख 17 हजार 863 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

ये भी पढ़ें: गुप्त दान, सोना-चांदी और 142 करोड़ की आय महाकाल मंदिर में भक्तों ने दिल खोलकर किया दान, टूटे अब तक के सारे रिकॉर्ड

पिछले साल 24 जून 2025 को हुई गणना में कुल 29 करोड़ 53 लाख 22 हजार 415 रुपए प्राप्त हुए थे, जो इस बार बढ़कर करीब 40.81 करोड़ रुपए तक पहुंच गए हैं. मंदिर मंडल के अनुसार, चढ़ावे में हुई यह बढ़ोतरी श्रद्धालुओं की श्री सांवलिया सेठ के प्रति बढ़ती आस्था और विश्वास को दर्शाती है.

भंडार गणना के दौरान कौन-कौन रहता मौजूद

भंडार गणना के दौरान मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, सदस्य किशन लाल अहीर, पवन तिवारी, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, प्रथम प्रशासनिक अधिकारी शिव शंकर पारीक, कार्यवाहक द्वितीय प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल शर्मा, मंदिर प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी, रोकड़ शाखा के जितेंद्र त्रिपाठी, सहायक सुरक्षा प्रभारी बिहारी लाल गुर्जर सहित बैंक कर्मचारी और मंदिर मंडल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे,

(रिपोर्ट- भगवान प्रजापत/उदयपुर)

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.