Gwalior Crime News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी. यही नहीं, उसे जबरन तेजाब पिला दिया. महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की न्यू मेहर कॉलोनी निवासी निशा राठौर को 22 जून को गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई और बुधवार शाम उसकी मौत हो गई. मौत से कुछ समय पहले निशा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह बेहद कमजोर हालत में दिखाई दे रही है.
बेरहमी से पीटा, फिर तेजाब पिलायावीडियो में निशा ने आरोप लगाया कि उसका पति गजेंद्र राठौर पिछले कई दिनों से उसके साथ मारपीट कर रहा था और उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा था. महिला ने दावा किया कि जब उसने पति की हरकतों का विरोध किया तो गजेंद्र ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन तेजाब पिला दिया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि निशा और गजेंद्र की शादी 1 मई 2022 को हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. निशा के मायके वालों का आरोप है कि घरेलू विवाद और दहेज को लेकर उसे लगातार परेशान किया जाता था. परिजनों के मुताबिक, निशा दो महीने की गर्भवती थी और उसने इसकी जानकारी अपनी मां सुनीता राठौर को भी दी थी. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गर्भावस्था की पुष्टि पोस्टमॉर्टम और विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी.
ये भी पढ़ें- जहां आए पांडव… उस तामेश्वरनाथ धाम को मिलेगी नई पहचान, बनेगा कॉरिडोर
पति-पत्नी के बीच विवाद पहले भी हो चुका थापुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच विवाद पहले भी हो चुका था. करीब ढाई साल पहले 31 दिसंबर 2023 को निशा ने थाटीपुर थाने में पति गजेंद्र के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी. उस समय गजेंद्र ने पुलिस के सामने एक लिखित समझौता पत्र दिया था. इसमें उसने भविष्य में पत्नी के साथ मारपीट या किसी भी तरह की प्रताड़ना नहीं करने का आश्वासन दिया था. उसने यह भी लिखा था कि दोबारा ऐसी घटना होने पर पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है.
महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है, ताकि उसकी सत्यता सामने आ सके.
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.