'बिना हमारी इजाजत के कोई...', होर्मुज पर ईरान की चेतावनी के बाद जहाजों ने बदला रास्ता, जानें कितने गुजरे
आशुतोष प्रताप सिंह June 26, 2026 10:12 PM

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बिना किसी शर्त के खुला है. उनका कहना है कि ईरान बिना किसी टोल और प्रतिबंध के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति दे रहा है.

IRGC की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब ओमान ने एक नेविगेशन नोटिस जारी कर मौजूदा ट्रैफिक सेपरेशन स्कीम के उत्तर और दक्षिण में दो अस्थायी समुद्री कॉरिडोर बनाए थे. ईरानी नौसेना ने इन कॉरिडोरों को खारिज करते हुए इन्हें खतरनाक बताया है. IRGC ने कहा कि सभी जहाज केवल ईरान द्वारा निर्धारित समुद्री मार्ग का ही इस्तेमाल करें. ईरानी नौसेना ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है.

समुद्री खुफिया कंपनी केप्लर के अनुसार, 24 जून को इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की संख्या 105 फीसदी बढ़कर 70 हो गई, जिनमें 53 कमर्शियल जहाज शामिल थे. यह बढ़ोतरी बारूदी सुरंगें हटाने के अभियान तेज होने और ओमान के पास बने वैकल्पिक समुद्री मार्ग के इस्तेमाल के बाद दर्ज की गई.

दूसरी ओर ओमान ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का समर्थन किया है. ओमान ने यह भी स्पष्ट किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा. यह बात ओमान के विदेश मंत्री सैयद बदर बिन हमद अल बुसैदी ने बहरीन में आयोजित खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) और अमेरिका की संयुक्त मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान कही. ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी पुष्टि की.

ओमान ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हुआ समझौता क्षेत्र में शांति स्थापित करने, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने और जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है. विदेश मंत्री ने कहा कि होर्मुज से सटा देश होने के कारण ओमान की विशेष जिम्मेदारी है कि वह अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा प्रयासों का समर्थन करे. उन्होंने कहा कि ओमान अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून सम्मेलन (UNCLOS) के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन कर रहा है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.