FIFA World Cup 2026: डेम्बेले ने दागी हैट्रिक, 32 साल बाद बना ऐसा रिकॉर्ड, फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से रौंदा
TV9 Bharatvarsh June 27, 2026 11:42 AM

Ousmane Dembele, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड उस्मान डेम्बेले ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. ग्रुप-I के अपने आखिरी मुकाबले में फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से करारी शिकस्त दी. जिलेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के असली हीरो मौजूदा बैलन डी’ओर (Ballon d’Or) विजेता डेम्बेले रहे, जिन्होंने मैच के पहले हाफ में सिर्फ 32 मिनट के अंदर तीन जादुई गोल दागकर तहलका मचा दिया. इस मुकाबले को किलियन एमबाप्पे बनाम एर्लिंग हालैंड माना जा रहा था, लेकिन हालैंड को बेंच पर आराम दिए जाने के बाद डेम्बेले ने पूरी महफिल लूट ली.

32 साल बाद पहले हाफ में हैट्रिक का महारिकॉर्ड

उस्मान डेम्बेले वर्ल्ड कप इतिहास में पहले हाफ के अंदर ही हैट्रिक पूरी करने वाले दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं. वर्ल्ड कप इतिहास में सिर्फ छठी बार ये कारनामा देखने को मिला. वहीं, साल 1994 के बाद फुटबॉल के इस सबसे बड़े मंच पर यह कारनामा करने वाले वो पहले खिलाड़ी हैं. उनसे पहले 1994 के वर्ल्ड कप में रूस के ओलेग सालेंको ने कैमरून के खिलाफ पहले हाफ में तीन गोल दागे थे.

इसके साथ ही, मैच की शुरुआत से सिर्फ 32 मिनट में हैट्रिक पूरी करना वर्ल्ड कप इतिहास की दूसरी सबसे तेज हैट्रिक है. इस मामले में टॉप पर ऑस्ट्रिया के एरिच प्रोब्स्ट हैं, जिन्होंने 1954 में चेकोस्लोवाकिया के खिलाफ शुरुआती 24 मिनट में हैट्रिक बनाई थी. इसके अलावा डेम्बेले अब जस्ट फॉनटेन (1958 में 2 बार) और किलियन एमबाप्पे (2022) के बाद वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले इतिहास के सिर्फ तीसरे फ्रांसी खिलाड़ी भी बन गए हैं.

फ्रांस ग्रुप में टॉप पर किया खत्म

इस जीत के साथ फ्रांस की टीम ग्रुप-I में अपने तीनों मैच जीतकर 9 पॉइंट्स के साथ टॉप पर रही. वहीं, नॉर्वे की टीम हार के बावजूद 6 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहकर राउंड ऑफ 32 (नॉकआउट) में पहुंच गई. वहीं, डेम्बेले के इस रौद्र रूप ने विरोधी टीमों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि अब नॉकआउट दौर से पहले विपक्षी डिफेंडर्स केवल एमबाप्पे को रोकने की रणनीति नहीं बना पाएंगे, बल्कि उनके सामने डेम्बेले जैसी बड़ी चुनौती भी होगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.