Karnataka Marriage News: कर्नाटक के हावेरी जिले में एक युवक की शादी उस समय टूट गई, जब सगाई के दौरान दिए गए गहनों को लेकर विवाद खड़ा हो गया. युवती के परिवार का आरोप है कि लड़के वालों ने सगाई में जो सोने के गहने दिए थे, वह असली सोने के बजाय रोल्ड गोल्ड (नकली सोना) निकले. इस खुलासे के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया और शादी टूट गई. घटना जिले के जिले के हांगल तालुका के बोम्मनहल्ली की है.
जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले सगाई की रस्म संपन्न हो चुकी थी और शादी की तैयारियां भी लगभग हो चुकी थीं. इसी बीच युवती के परिजनों ने सगाई में मिले गहनों की जांच कराई. जांच के बाद उन्होंने दावा किया कि गहने शुद्ध सोने के नहीं हैं, बल्कि रोल्ड गोल्ड के बने हुए हैं.
इस बात की जानकारी मिलते ही युवती के परिजनों ने लड़के वालों से जवाब मांगा. आरोप है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई. मामला इतना बढ़ा कि युवती के परिजनों ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया.
युवक ने दर्ज कराई शिकायतबताया जाता है संतोष तोपोजी ने 100 ग्राम सोना खरीदा था और सगाई के दौरान लड़की को दिया था. हालांकि, पता चला कि सोना नकली था. इससे नाराज होकर लड़की ने शादी तोड़ दी. इससे दुखी संतोष ने हांगल पुलिस स्टेशन में विष्णुकांत रावल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसने उसे नकली सोना देकर धोखा दिया था.
घटना की चर्चा पूरे इलाके में होने लगी. मामला सामाजिक प्रतिष्ठा और आपसी विश्वास से जुड़ा होने के कारण स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा पिकअप; 6 लोगों की मौत