दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में एजुकेशनल सेशन 2026-27 के लिए स्नातक प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. देशभर से लाखों छात्र-छात्राएं एडमिशन के लिए आवेदन कर रहे हैं. ऐसे में कई अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन, कोर्स चयन, कॉलेज प्राथमिकता और प्रवेश प्रक्रिया को समझने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इन समस्याओं को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) दिल्ली ने छात्रों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. संगठन का दावा है कि उसकी टीम 24 घंटे विद्यार्थियों की मदद के लिए उपलब्ध रहेगी, ताकि किसी भी छात्र का एडमिशन केवल जानकारी के अभाव में प्रभावित न हो.
आवेदन और काउंसलिंग में मिलेगी सहायताABVP के अनुसार, हर साल बड़ी संख्या में छात्र दूरदराज और ग्रामीण इलाकों से दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने का सपना लेकर आते हैं. कई बार तकनीकी जानकारी की कमी के कारण उन्हें आवेदन फॉर्म भरने, कोर्स चुनने, कॉलेज की प्राथमिकता तय करने और काउंसलिंग जैसी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन टीम बनाई गई है.
24 घंटे उपलब्ध रहेंगे कार्यकर्ताABVP के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि संगठन का प्रयास है कि कोई भी योग्य छात्र सिर्फ जानकारी के अभाव में एडमिशन से वंचित न रह जाए. उन्होंने बताया कि परिषद के कार्यकर्ता दिन-रात विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे. छात्र प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 9999977990, 9084206032, 7052014490, 7310902683 और 6202523798 पर संपर्क कर सकते हैं.
CUET स्कोर के आधार पर होगा एडमिशनदिल्ली विश्वविद्यालय ने 2026-27 सेशन के लिए CSAS (UG) 2026 पोर्टल पर पहले चरण का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है. इस वर्ष भी सभी स्नातक पाठ्यक्रमों (Graduate Courses)में एडमिशन केवल CUET UG 2026 के अंकों के आधार पर मिलेगा. अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी होगी और बाद में कॉलेज व कोर्स की प्राथमिकताएं भरनी होंगी.
67 कॉलेजों में मिलेगा एडमिशनविश्वविद्यालय के अनुसार, 67 कॉलेजों में संचालित 73 स्नातक प्रोग्राम और 100 से अधिक बीए प्रोग्राम में एडमिशन CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर होगा. उम्मीदवार अपने CUET आवेदन नंबर की मदद से CSAS पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय ने छात्रों से समय पर आवेदन करने और सभी दिशानिर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है.