Throwback: जब शिल्पा शिरोडकर की हत्या की झूठी खबर ने उड़ाए सबके होश, 31 साल पहले क्या हुआ था?
TV9 Bharatvarsh June 27, 2026 10:43 PM

शिल्पा शिरोडकर 90s की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेस में शुमार रही हैं. उन्होंने गोविंदा से लेकर सुनील शेट्टी तक बड़े एक्ट्रेस के साथ स्क्रीन शेयर की है. अब से लगभग 31 साल पहले एक बार एक्ट्रेस को तब काफी हैरानी हुई जब उन्हें अपनी ही मौत की खबर सुनने को मिली थी. उस वक्त वह सन 1995 में आई मूवी ‘रघुवीर’ की शूटिंग कर रही थीं. एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उस दौरान का कुछ वक्त उनके और उनकी फैमिली के लिए कितना मुश्किल था.

एक्ट्रेस की मौत की फर्जी खबर सुनने के बाद उनके परिवार में बेहद डर का माहौल बन गया था. ये एक ऐसा दौर था जब किसी से कनेक्ट होने के लिए सोशल मीडिया जैसे फास्ट प्लेटफार्म का यूज भी बहुत ज्यादा नहीं किया जाता था. इस बारे में एक्ट्रेस को भी बाद में ही पता चला था.

फोन में थे 20-25 मिस्ड कॉल

एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ने एक इंटरव्यू में इस घटना को याद करते हुए बताया कि उन्हें इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं थी, लेकिन परिवार को ये खबर मिलने के बाद वे बेहद डर गए थे. वह कहती हैं, “मैं कुल्लू मनाली में थी. पापा होटल में फोन करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उस वक्त हमारे पास मोबाइल फोन नहीं थे, क्योंकि मैं वहां सुनील शेट्टी के साथ शूट कर रही थी. वहां शूटिंग देख रहे सभी लोग यही सोच रहे थे कि कहीं ये शिल्पा है या नहीं, क्योंकि सबको खबर पता चल गई थी.” वह कहती हैं जब वह अपने दिन का काम खत्म करके होटल में लौटी तो कम से कम 20-25 मिस्ड कॉल मिले थे. पेरेंट्स बहुत परेशान थे, क्योंकि अखबार में ये खबर थी कि ‘शिल्पा शिरोडकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है’.

क्या थी इस खबर की वजह?

इस पूरी घटना के पीछे की वजह शिल्पा शिरोडकर को बाद में मिली. दरअसल फिल्म के निर्माता ने प्रचार के लिए जानबूझकर ये तरीका अपनाया था. ये बस एक पब्लिसिटी स्टंट था. एक्ट्रेस को जब ये सच्चाई पता चली तो वह गुस्सा होने से ज्यादा हैरान थीं. वह कहती हैं कि “उन्होंने जब मुझे बताया तो मैंने कहा कि हां, लेकिन ये थोड़ा ज्यादा हो गया.” वह कहती हैं कि “मुझे पहले से कुछ पता नहीं था, सबसे आखिर में पता चला कि ऐसा कुछ होने वाला है और उस वक्त कोई पहले से नहीं पूछता था. फिलहाल फिल्म ने अच्छा परफॉर्म किया, इसलिए मुझे ज्यादा गुस्सा नहीं आया.”

शिल्पा शिरोडकर की फिल्में

शिल्पा शिरोडकर ने 1989 में फिल्म ‘भ्रष्टाचार’ से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था. इसके बाद वो ‘हम’, ‘खुदा गवाह’, ‘आंखें’, ‘किशन कन्हैया’, ‘गोपी किशन’, ‘मृत्युदंड’, ‘हिटलर’, जैसी कई फिल्मों में नजर आईं. साल 2020 में एक्ट्रेस ‘गन्स ऑफ बनारस’ में दिखाई दीं. शिल्पा शिरोडकर ने साउथ इंडियन फिल्मों में भी काम किया है.

टीवी शोज में भी कमाया नाम

शिल्पा शिरोडकर ने टीवी पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्होंने ‘एक मुट्ठी आसमान’, ‘सिलसिला प्यार का’, ‘सावित्री देवी कॉलेज एंड हॉस्पिटल’, ‘रीच फॉर दा स्टार्स’, जैसे शोज में लीड रोल प्ले किया है.

ये भी पढ़ें: ये हमेशा से खासएक विलेन के 12 साल पूरे, सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शेयर की श्रद्धा कपूर संग सुहानी यादें

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.