दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका! इतनी बदल जाएगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
नीरज शर्मा June 28, 2026 04:12 AM

बीते शुक्रवार भारतीय टीम की चौंकाने वाली हार हुई. पहले टी20 मैच में आयरलैंड ने टीम इंडिया को 34 रनों से हरा दिया. आयरलैंड के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उसने पहली बार भारत को हराया है. इसके लिए कप्तान श्रेयस अय्यर और खासतौर पर बल्लेबाजों की जमकर आलोचना हुई.

भारत और आयरलैंड का दूसरा टी20 मैच 28 जून को बेलफास्ट में ही खेला जाएगा. पहले मुकाबले में टीम इंडिया की पोल खुल गई, जिसके बाद कई खामियां उजागर हुई हैं. उन्हें देखते हुए दूसरे टी20 मैच में भारतीय मैनेजमेंट प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकता है. साथ ही यह भी जान लीजिए दूसरे मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा या नहीं.

क्या वैभव सूर्यवंशी खेलेंगे?

करोड़ों भारतीय फैंस वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फैंस का ये इंतजार लंबा खिंच सकता है. दरअसल पहले टी20 मैच से पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने वैभव पर एक ही बात को दोहराया था.

अय्यर और कोटक का कहना था कि भारतीय टीम में पहले से बेहतरीन और इन-फॉर्म बल्लेबाज हैं. अचानक उनकी जगह किसी और को दे देना, यह सरासर नाइंसाफी होगी. उन्होंने यह भी माना कि बेशक वैभव एक बेहतरीन क्रिकेटर हैं, लेकिन उन्हें अपने मौके के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. ऐसे में संभव है कि वैभव दूसरे टी20 मैच से भी बाहर बैठ सकते हैं.

प्रिंस यादव का डेब्यू

पहले मुकाबले में प्रसिद्ध कृष्णा बहुत महंगे साबित हुए थे, जिन्होंने 4 ओवरों में 57 रन लुटाए थे. उनकी जगह प्रिंस यादव को अपना टी20 डेब्यू करने का मौका मिल सकता है. दूसरी ओर वाशिंगटन सुंदर के स्थान पर सूर्यांश शेडगे भी टीम इंडिया के लिए अपना पहला मैच खेलने उतर सकते हैं. सुंदर ने पहले टी20 में छठे क्रम पर आकर सिर्फ 9 रन बनाए थे और गेंदबाजी में उनसे केवल एक ओवर करवाया गया था.

दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा

India vs Ireland T20: 'हम फेल... वे जीत के हकदार...', आयरलैंड से हार के बाद अभिषेक शर्मा का बड़ा बयान, वीडियो वायरल

IND vs IRE T20I: 'अच्छा किया...', वैभव सूर्यवंशी को लेकर ये क्या बोल गए संजय मांजरेकर, मच गया बवाल

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.