TG20: भारतीय बल्लेबाज का 52 गेंदों में शतक, 22 बाउंड्री जड़कर मचाया तहलका, एक पारी में जड़ चुका 26 छक्के
TV9 Bharatvarsh June 28, 2026 09:43 PM

भारतीय टीम तो इन दिनों टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर है. मगर घर में भी टी20 क्रिकेट का रोमांच जारी है. आईपीएल 2026 सीजन खत्म होने के बाद से ही अलग-अलग स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के टी20 टूर्नामेंट शुरू हो चुके हैं, जिनमें वो खिलाड़ी अपना जलवा दिखा रहे हैं, जिन्हें IPL में मौका नहीं मिलता. ऐसा ही कमाल तेलंगाना टी20 लीग (TG20) में भी दिख रहा है, जहां एक मुकाबले में अनुभवी बल्लेबाज तन्मय अग्रवाल ने सिर्फ 52 गेंदों में विस्फोटक अर्धशतक जमा दिया और 133 रन की पारी खेली.

तन्मय के तूफान में उड़े गेंदबाज

हैदराबाद में खेले जा रहे TG20 टूर्नामेंट में भारतीय टीम के स्टार मोहम्मद सिराज और तिलक वर्मा भी हिस्सा ले चुके हैं. इसी टूर्नामेंट के 14वें मैच में करीमनगर डायमंड्स के कप्तान तन्मय अग्रवाल ने वारंगल वॉरियर्स के खिलाफ अपने बल्ले का कमाल दिखाया और तूफानी शतक ठोक दिया. अग्रवाल ने अकेले ही टीम के लिए आधे से ज्यादा रन बनाए, जबकि उनके अलावा सिर्फ एक ही बल्लेबाज, एचके सिम्हा, 20 का आंकड़ा पार कर सके जिन्होंने 21 गेंदों में 24 रन बनाए.

दूसरे बल्लेबाज भले ही ज्यादा योगदान नहीं दे पाए लेकिन तन्मय अग्रवाल ने इसकी कमी नहीं खलने दी. हैदराबाद से आने वाले बाएं हाथ के इस अनुभवी बल्लेबाज ने वारंगल के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई और चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 52 गेंदों में शतक जमा दिया. जब 17वें ओवर में वो आउट हुए तो टीम का स्कोर 185 रन था लेकिन इसमें से भी 133 रन अकेले तन्मय के बल्ले से निकले थे, जिसके लिए उन्होंने 61 गेंदों का सामना किया. उनकी इस पारी के दम पर करीमनगर की टीम ने 209 रन का स्कोर खड़ा किया.

एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

31 साल के तन्मय अग्रवाल ने अपनी पारी में 15 चौके और 7 छक्के भी जमाए. उनका स्ट्राइक रेट 218 का रहा. इस पारी में भले ही वो 7 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने में सफल रहे लेकिन छक्के जमाने के मामले में वो पहले ही खास पहचान बना चुके हैं और साथ ही रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं. इस भारतीय बल्लेबाज के नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड है. उन्होंने 2023-24 रणजी ट्रॉफी सीजन में हैदराबाद की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ एक पारी में सबसे ज्यादा 26 छक्के जमाए थे. पूरी दुनिया में उनसे ज्यादा छक्के एक पारी में किसी अन्य बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.