Jasmine Bhasin Hospitalised: टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन ने 28 जून को अपना 36वां जन्मदिन मनाया, जिसके लिए एक्ट्रेस अपने पार्टनर संग दुबई पहुंची. लेकिन जरूरी नहीं जैसा सोचा हो हमेशा वैसा ही हो. जैस्मिन भसीन का बर्थडे सेलिब्रेशन उनके लिए दर्द बन गया. पार्टी में एंजॉय करने के बजाय एक्ट्रेस का दिन अस्पताल में बीता. जैस्मिन भसीन अपने बर्थडे के दिन दुबई के अस्पताल में भर्ती हुई हैं. अली गोनी ने जैस्मीन भसीन के साथ एक पोस्ट शेयर कीं, जिनमें वो हॉस्पिटल के बेड पर दिखीं. इन तस्वीरों को देखकर फैंस परेशान हो गए. अब अली गोनी ने एक्ट्रेस के अस्पताल में भर्ती होने की वजह बताई है और हेल्थ अपडेट देते हुए एक लंबा नोट शेयर किया.
अली गोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर जैस्मिन की बर्थडे वाली तस्वीरें भी शेयर कीं, जिसमें वो खराब तबीयत के बावजूद हिम्मत केक काटते हुए दिख रही हैं. बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस को वायरल इन्फेक्शन हुआ है. अली ने शेयर किया कि पिछले कुछ दिन उनके लिए मुश्किल भरे रहे, लेकिन उन्होंने सभी के प्यार और दुआओं के लिए शुक्रिया अदा दिया.
अस्पताल में भर्ती हुईं जैस्मिनअली गोनी ने अपनी इंस्टा पोस्ट में जैस्मिन को जन्मदिन की बधाई दी और शेयर किया कि वो उनका जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन जिंदगी ने एक अलग मोड़ ले लिया और यादें बनाने के बजाय वो अस्पताल के कमरे में पहुंच गए. पोस्ट शेयर करते हुए अली गोनी ने लिखा, “हम यहां तुम्हारा जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. जन्मदिन की खुशियां मनाने के बजाय, हम अस्पताल के कमरे में हैं. तुम्हें तकलीफ में देखना इस ट्रिप का सबसे मुश्किल हिस्सा रहा है. तुम्हें फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखने के लिए मैं कोई भी जश्न छोड़ने को तैयार हूं.”
“हमेशा तुमसे प्यार रहेगा”
View this post on Instagram
A post shared by 𝓣𝓱𝓮 𝓐𝓵𝔂 𝓖𝓸𝓷𝓲 (@alygoni)
अली गोनी ने आगे लिखा, “अल्लाह तुम्हें ढेर सारी खुशियां, अच्छी सेहत, प्यार और कामयाबी दे. जल्दी ठीक हो जाओ, आज मेरे दिल में बस यही एक जन्मदिन की दुआ है. जन्मदिन मुबारक हो. हमेशा तुमसे प्यार रहेगा.” अली गोनी की इस पोस्ट के बाद लोगों ने कमेंट सेक्शन में सवाल पूछने शुरू कर दिए, जिसके बाद अली गोनी ने एक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, “मुझे मैसेज और कॉल करने वाले सभी लोगों के लिए एक मैसेज! प्यार, दुआओं और मैसेज के लिए आप सभी का शुक्रिया. हम जैस्मिन का जन्मदिन मनाने दुबई आए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. अचानक वो बहुत बीमार पड़ गई और गंभीर इन्फेक्शन की वजह से उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. पिछले कुछ दिन बहुत मुश्किल और भावुक रहे हैं.”

अली गोनी ने आगे लिखा, “अगर मैं आपके मैसेज का जवाब नहीं दे पाया या आपके कॉल का जवाब नहीं दे सका, तो माफ कीजिएगा. अभी मेरा पूरा ध्यान उसके साथ रहने पर है. उसे सबसे अच्छी देखभाल मिल रही है और वो धीरे-धीरे ठीक हो रही है. प्लीज उसे अपनी दुआओं में याद रखें. इंशाअल्लाह, वो बहुत जल्द मुस्कुराती हुई वापस आ जाएगी.”