पन्ना में लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश… 24 घंटे में पकड़ी गई 'धोखेबाज' दुल्हन
TV9 Bharatvarsh June 29, 2026 03:43 AM

Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लुटेरी दुल्हन गिरोह के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है. शादी के महज 24 घंटे के भीतर ही एक नई-नवेली दुल्हन घर से भागने की फिराक में थी. हालांकि, दूल्हे की बहन की सूझबूझ से इस ‘लुटेरी दुल्हन’ के पूरे प्लान पर पानी फिर गया. पुलिस ने जब इस मामले की कड़ियां जोड़ीं, तो एक बड़े मैरिज फ्रॉड का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार करते हुए उसे जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं. जिसकी पन्ना और जबलपुर पुलिस तलाश कर रही है.

दरअसल, यह पूरी कहानी पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र की है. फरियादी केतार सिंह राजपूत के पास 18 जून को एक अनजान नंबर से फोन आया था. फोन करने वाले शख्स ने खुद को जबलपुर का रहने वाला बताया और केतार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा. आरोपी ने कहा कि शादी में करीब 2 लाख 20 हजार रुपये का खर्च आएगा. घर में शहनाई बजने की उम्मीद में केतार सिंह झांसे में आ गया.

क्या है पूरा मामला?

तय प्लान के मुताबिक 24 जून को केतार सिंह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को लेकर पवई पहुंचा. वहां आरोपी दो महिलाओं के साथ पहले से मौजूद थे. उन्होंने केतार से 2 लाख रुपये कैश लिए और कोर्ट परिसर में नोटरी के जरिए कागजी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद पास के ही कलेही माता मंदिर में दोनों की शादी की रस्में भी पूरी कराई गईं. दूल्हा अपनी नई दुल्हन को लेकर खुशी-खुशी घर लौट आया, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि जिसे वह अपनी जीवनसंगिनी समझ रहा है वह एक गिरोह की सदस्य है.

शादी के अगले ही दिन यानी 25 जून को नवविवाहिता ने घर से भागने की कोशिश शुरू कर दी. उसकी संदिग्ध हरकतों को देखकर दूल्हे की बहन को शक हो गया. बहन ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुल्हन को रंगे हाथों पकड़ लिया और जब कड़ाई से पूछताछ की, तो दुल्हन के पैरों तले जमीन खिसक गई. महिला ने कबूल किया कि उसने और उसके साथियों ने केवल पैसे ऐंठने के लिए यह फर्जी शादी की थी.

लटेरी दुल्हन का प्लान कैसे हुआ फेल?

लुटेरी दुल्हन ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसका मकसद शादी करना नहीं, बल्कि केतार सिंह से 2 लाख रुपये लूटकर फरार होना था. लुटेरे दुल्हन ने पुलिस को यह भी बताया है कि उसने पैसे लेकर कई लोगों को अपना शिकार बनाया है. इसके बाद अब पन्ना पुलिस जबलपुर पुलिस की मदद से अन्य पीड़ितों का पता लग रही है. क्योंकि बदनामी के डर से अधिकतर लोग शिकायत दर्ज नहीं कराते.

धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़ित केतार सिंह ने तुरंत अमानगंज थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पन्ना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक्शन लिया और फर्जी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी महिला को जिला जेल पन्ना भेज दिया गया है.

दो आरोपी फरार

यह पूरी कार्रवाई पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, एडिशनल एसपी वंदना चौहान और एसडीओपी गुनौर राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में अमानगंज थाना प्रभारी रवि सिंह जादौन की टीम द्वारा की गई. इस गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. सराहनीय और त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने का भी एलान किया है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.