नोएडा के 20 सेक्टरों को बड़ी राहत, भंगेल एलिवेटेड रोड पर बनेगा क्लोवर लीफ; रोजाना 4 लाख लोगों को होगा फायदा
TV9 Bharatvarsh June 29, 2026 12:43 PM

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भंगेल एलिवेटेड रोड के पिलर नंबर 59, बरौला टी-पॉइंट पर करीब 67.81 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले क्लोवर लीफ इंटरचेंज का शिलान्यास किया. इस परियोजना के पूरा होने के बाद एलिवेटेड रोड पर बीच में ही चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी, जिससे रोजाना करीब चार लाख लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, क्लोवर लीफ का निर्माण लगभग दो वर्षों में पूरा किया जाएगा. इसके बनने से दादरी रोड, विश्वकर्मा रोड और आसपास के मार्गों पर लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी. फिलहाल एलिवेटेड रोड पर बीच में चढ़ने-उतरने का कोई प्रावधान नहीं होने के कारण लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है.

20 सेक्टर और आसपास के गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

क्लोवर लीफ बनने के बाद नोएडा के सेक्टर 74, 75, 76, 77, 78, 79, 101, 104, 107, 119, 120 और 121 सहित करीब 20 सेक्टरों के लोगों की आवाजाही आसान हो जाएगी. इसके अलावा सेक्टर 42, 47, 48, 49 के साथ हाजीपुर, बरौला और सलारपुर गांव भी एलिवेटेड रोड से बेहतर तरीके से जुड़ जाएंगे.

बताया गया है कि इन क्षेत्रों की 78 से अधिक आवासीय सोसाइटियों में रहने वाले करीब चार लाख लोगों को इस परियोजना का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. रोजाना सफर का समय कम होगा और ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा.

2020 में शुरू हुआ था एलिवेटेड रोड का काम

सेक्टर 40 अगाहपुर से सेक्टर 82 एनएसईजेड तक लगभग 4.5 किलोमीटर लंबे छह-लेन एलिवेटेड रोड का निर्माण वर्ष 2020 में शुरू हुआ था. यह परियोजना लगभग 608 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई और नवंबर में इसे लोगों के लिए खोल दिया गया.

हालांकि, बरौला टी-पॉइंट पर क्लोवर लीफ नहीं होने के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे. अब क्लोवर लीफ बनने के बाद वाहन चालक सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ और उतर सकेंगे, जिससे सफर अधिक सुगम और तेज होगा. अधिकारियों का मानना है कि इस क्लोवर लीफ इंटरचेंज के बनने से एलिवेटेड रोड की उपयोगिता और बढ़ जाएगी तथा नोएडा में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.