Bhopal Retired Judge Giribala Singh House Theft: एमपी की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रविवार तड़के चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. बहू ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े मामले में भोपाल सेंट्रल जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर को तीन नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया. आरोपी पीछे के रास्ते से घर की पहली मंजिल में घुसे और अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी, जेवर और चांदी के बर्तन चोरी कर ले गए.
गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह पिछले करीब एक महीने से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं. इन दिनों घर उनके भाई रिटायर्ड कर्नल रणवीर सिंह भदौरिया रह रहे थे. रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जब वह पहली मंजिल पर पहुंचे तो कमरों और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा मिला. इसके बाद कटारा हिल्स थाना पुलिस को सूचना दी गई.
CCTV कैमरे में कैद हुई चोरी की घटनाजांच के दौरान घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें रात करीब तीन बजे तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसते और चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए. मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब पता चला कि सुबह करीब 4:45 बजे गश्त कर रही पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ भी की थी.
पुलिस को चकमा देकर भाग गए चोरपुलिस को उनके थैले में गमछों के नीचे जेवर, चांदी के बर्तन और अन्य सामान मिला था. साथ ही थैले से एक गुलेल भी बरामद हुई थी. बावजूद इसके पूछताछ के दौरान तीनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए. पूछताछ में बदमाशों ने मजदूरी पर जाने की बात पुलिस से कही थी.
कैसे घर में घुसे चोर?पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी पास के एक खंडहर मकान की ओर से पीछे के रास्ते घर के घुसे और सीढ़ियों के जरिए पहली मंजिल तक पहुंचे. इसके बाद उन्होंने अलमारियों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें – MP:सरकारी अस्पतालों में लापरवाही का ‘डोज’!गलत इंजेक्शन से मरीज की मौत