US Open Badminton 2026 Final: भारत के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत को यूएस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. एक थकाऊ और कड़े मुकाबले में 33 साल के श्रीकांत को चीनी ताइपे के खिलाड़ी सू ली-यांग ने तीन गेमों के संघर्ष में शिकस्त दी. इस हार के साथ ही पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 श्रीकांत का सीजन का अपना पहला खिताब जीतने का सपना टूट गया और उन्हें रनर-अप बनकर संतोष करना पड़ा. एक घंटे से ज्यादा समय तक चले इस मुकाबले में श्रीकांत को 15-21, 21-16, 9-21 से हार मिली.
पहले गेम में अंपायर के फैसले से बिगड़ा लयमैच की शुरुआत में श्रीकांत ने अच्छी तेजी दिखाई थी, लेकिन शुरुआती रैलियों के दौरान एक गलती ने उनकी लय बिगाड़ दी. दरअसल, नेट के ऊपर शॉट खेलने के कोशिश में उनका रैकेट नेट के पार चला गया था, इस अनफोर्स्ड गलती के बाद सू ने लगातार अंक बटोरते हुए 7-2 की बढ़त बना ली. श्रीकांत ने शानदार वापसी करते हुए अगले 11 में से 8 अंक जीतकर स्कोर 10-10 से बराबर कर दिया और मिड-गेम ब्रेक तक 11-10 की मामूली बढ़त भी हासिल कर ली. हालांकि, ब्रेक के बाद चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने रैलियों की रफ्तार बढ़ाई और श्रीकांत को गलतियां करने पर मजबूर कर 17-12 की बढ़त बना ली. आखिरकार सू ने यह गेम 17 मिनट में 21-15 से अपने नाम कर लिया.
श्रीकांत का पलटवार, दूसरा गेम जीतकर की वापसीदूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. 4-4 की बराबरी के बाद श्रीकांत ने लगातार तीन अंक लेकर 7-4 की बढ़त बनाई. सू ने स्कोर को 8-8 से बराबर किया, लेकिन श्रीकांत अपने बेहतरीन नेट प्ले की बदौलत ब्रेक तक 11-8 से आगे रहे. ब्रेक के बाद चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने कुछ दमदार स्मैश लगाए, लेकिन श्रीकांत ने धैर्य नहीं खोया और स्कोर को 18-13 तक पहुंचा दिया. सू की कुछ और गलतियों के बाद श्रीकांत को सात गेम पॉइंट मिले. हालांकि सू ने तीन गेम पॉइंट बचाए, लेकिन श्रीकांत ने एक दमदार डाउन-द-लाइन स्मैश मारकर दूसरा गेम 21-16 से जीता और मैच को तीसरे गेम में ले गए.
तीसरे गेम में सू का एकतरफा दबदबाआखिरी गेम में सू ली-यांग ने शुरुआत से ही काफी आक्रामक रुख अपनाया और लगातार सटीक स्मैश मारकर 4-1 की बढ़त बना ली. श्रीकांत ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर खेले, लेकिन वो लगातार गलतियां भी करते रहे, जिससे सू ब्रेक तक 11-7 से आगे हो गए. फीर सू ने अपनी बढ़त को 15-7 और फिर 18-8 कर दिया. श्रीकांत के शॉट्स लगातार कोर्ट से बाहर जाते रहे, जिससे सू को 12 चैंपियनशिप पॉइंट मिल गए. श्रीकांत ने एक पॉइंट जरूर बचाया, लेकिन अगली ही रैली में सू ने अंक जीतकर मैच अपने नाम कर लिया. यह सू ली-यांग के करियर का पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब है. वहीं, श्रीकांत के लिए यह सीजन का पहला फाइनल था.