एक सनकी आइडिया और तबाही! युवक ने खुद अपनी ही आंखों के पर्दे के कर दिए टुकड़े-टुकड़े, हालत देख डॉक्टर भी हिल गए
TV9 Bharatvarsh June 30, 2026 05:43 PM

आजकल वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) और दिन भर लैपटॉप की स्क्रीन के सामने बैठे रहने से आंखों में थकान होना बहुत आम बात है. लेकिन इस थकान को मिटाने के लिए कोई खौफनाक कदम भी उठा सकता है, यह सोचना भी डरावना है. स्कॉटलैंड से एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने आंखों को आराम देने के चक्कर में उन पर मसाज गन (Massage Gun) चला दी. नतीजा यह हुआ कि उसकी दोनों आंखों का अंदरूनी पर्दा बुरी तरह फट गया. डॉक्टर भी इस लापरवाही को देखकर अवाक रह गए.

ओडिटी सेंट्रल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग की है. यहां एक 25 वर्षीय युवक को पिछले कुछ समय से आंखों में काफी भारीपन और थकान महसूस हो रही थी. इस दर्द से राहत पाने के लिए उसने एक अजीब और खतरनाक तरीका अपनाया. उसने जिम के बाद मसल्स को आराम देने वाली तेज वाइब्रेशन वाली मसाज गन उठाई और उसे सीधे अपनी बंद आंखों के ऊपर और आसपास चलाना शुरू कर दिया.

युवक को लगा कि इससे उसकी आंखों की नसों को आराम मिल रहा है. वह लगातार तीन महीने तक हर हफ्ते ऐसा ही करता रहा. लेकिन कुछ दिनों पहले अचानक उसकी दाहिनी आंख के सामने काले धब्बे दिखने लगे और चमकीली लाइटें कौंधने लगीं. जब परेशानी ज्यादा बढ़ गई, तब वह घबराकर डॉक्टरों के पास गया.

जांच में डॉक्टरों के उड़े होश

जब डॉक्टरों ने युवक की आंखों की जांच की, तो वे दंग रह गए. बिना किसी बड़े एक्सीडेंट या सिर की चोट के युवक की दोनों आंखें अंदर से बुरी तरह लहूलुहान हो चुकी थीं. दाहिनी आंख का पर्दा यानी रेटिना कई जगहों से फट चुका था और अपनी जगह से पूरी तरह उखड़ गया था, जिसे मेडिकल भाषा में ‘रेटिनल डायलिसिस’ कहते हैं. वहीं, बाईं आंख के अंदर खून के थक्के जम चुके थे और पर्दे पर छह अलग-अलग जगहों पर घोड़े की नाल के आकार के गहरे घाव बन गए थे.

शुरुआत में युवक डॉक्टरों को कुछ बता नहीं रहा था. लेकिन बार-बार पूछे जाने पर उसने मसाज गन वाली बात कबूल की. डॉक्टरों ने बताया कि जब मसाज गन पूरी ताकत से आंखों की पुतलियों पर वाइब्रेट करती थी, तो उससे पैदा होने वाले जबरदस्त प्रेशर से आंखें पीछे की तरफ दबती थीं और साइड से पिचक जाती थीं. इसी खिंचाव और दबाव के कारण आंख का बेहद नाजुक पर्दा टूटकर अलग हो गया. राहत की बात यह है कि समय रहते इलाज मिलने की वजह से करीब छह महीने बाद अब युवक की हालत स्थिर है और वह अंधा होने से बच गया है. यह भी पढ़ें: भारतीय ने चलती कार से फेंकी प्लास्टिक की बोतल, विदेशी पर्यटक ने सिखाया ऐसा सबक कि जिंदगी भर रहेगा याद! वीडियो वायरल

एक्सपर्ट्स की सलाह

डॉक्टरों ने इस घटना के बाद चेतावनी जारी की है कि मसाज गन को केवल कंधों, पीठ या जांघों जैसी सख्त मांसपेशियों के लिए डिजाइन किया गया है. आंखें बहुत नाजुक होती हैं, इसलिए उन पर या चेहरे के संवेदनशील हिस्सों पर ऐसी मशीनों का इस्तेमाल भूलकर भी न करें. आंखों की थकान मिटाने के लिए ठंडे पानी से आंखें धोएं. यह भी पढ़ें: डिग्री धरी की धरी रह गई! इस गन्ने का जूस वाले भैया के देसी दिमाग के फैन हुए बिजनेसमैन, जानिए क्यों?

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.