ZIM vs BAN: कप्तानी में शानदार डेब्यू! जिम्बाब्वे ने 3 दिन में बांग्लादेश को रौंदा, दर्ज की सबसे बड़ी जीत
TV9 Bharatvarsh June 30, 2026 11:43 PM

टीम इंडिया के नए कप्तान श्रेयस अय्यर का डेब्यू तो अच्छा नहीं रहा और उन्हें टी20 सीरीज में आयरलैंड से शिकस्त मिली. मगर टी20 क्रिकेट के शोर-शराबे से दूर जिम्बाब्वे के नए कप्तान रिचर्ड एनगरावा ने टेस्ट कप्तान के तौर पर रिकॉर्ड जीत के साथ आगाज किया है. पहली बार टेस्ट क्रिकेट में टीम की कमान संभाल रहे एनगरावा की कप्तानी में जिम्बाब्वे ने सिर्फ 3 दिन के अंदर बांग्लादेश को इकलौते टेस्ट मैच में एक पारी और 85 रन से हरा दिया. मैच के तीसरे दिन कप्तान एनगरावा समेत जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों ने बांग्लादेश को दूसरी पारी में सिर्फ 185 रन पर ढेर कर दिया.

बांग्लादेश को ऐसे किया 3 दिन में ढेर

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 28 जून को शुरू हुए इस मुकाबले के पहले दिन ही बांग्लादेश की पहली पारी सिर्फ 140 रन पर सिमट गई थी. इसके बाद जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे और 410 रन का स्कोर खड़ा करते हुए 270 रन की बढ़त हासिल की. इसमें बड़ी भूमिका निभाई ओपनर इनोसेंट केया (Innocent Kaia) ने, जो 3 साल बाद टीम में लौटे और अपना पहला शतक जमाते हुए 140 रन बनाकर लौटे. फिर दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 1 विकेट खोकर 40 रन बना लिए थे.

मंगलवार 30 जून को मैच का तीसरा दिन था और बांग्लादेश के सामने जिम्बाब्वे की बढ़त को खत्म करने की मुश्किल चुनौती थी. ये चुनौती आखिर में असंभव ही साबित हुई और जिम्बाब्वे के चारों तेज गेंदबाजों ने मिलकर बांग्लादेश को चित कर दिया. टीम के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने लिए, जबकि कप्तान एनगरावा ने 3, न्यूमैन नियामहुरी ने 2 और ब्रैड इवान्स ने 1 विकेट लिया. बांग्लादेश के लिए कप्तान नजमुल होसैन शांतो ने 30 और मुशफिकुर रहीम ने 34 रन बनाए.

जिम्बाब्वे के लिए क्यों खास है ये जीत?

जिम्बाब्वे के लिए ये जीत बहुत खास है क्योंकि टीम अपने स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा के बिना ही इस मैच में उतरी थी. वहीं बांग्लादेशी टीम हाल ही में काफी मजबूत नजर आई थी, जहां उसने पाकिस्तान को अपने ही घर में टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया था. मगर ये जीत इसलिए भी खास है क्योंकि जिम्बाब्वे के 34 साल के टेस्ट इतिहास में उसकी सबसे बड़ी जीत है. साथ ही 2001 के बाद पहली बार टीम ने लगातार 2 टेस्ट मैच में पारी के अंतर से जीत दर्ज की है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.