Women's T20 WC Semifinal से मिनटों पहले हादसा, विंडीज स्टार को गोद में उठाकर ले जाना पड़ा बाहर
TV9 Bharatvarsh July 01, 2026 12:43 AM

इंग्लैंड में चल रहे आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल राउंड शुरू हो गया. टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में दो पूर्व चैंपियन आमने-सामने थे. लंदन के ओवल मैदान पर वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया की टक्कर हुई. मगर ये मैच पहले एक ऐसी घटना हुई, जिसने हर किसी को टेंशन दे दी. इस मुकाबले में पहले बैटिंग करने जा रही वेस्टइंडीज की टीम की स्टार ऑलराउंडर को अचानक कुछ हो गया. पारी शुरू होने से कुछ ही मिनट अचानक डॉटिन को गोद में उठाकर ड्रेसिंग रूम ले जाते हुए देखा गया, जिससे हर कोई सकते में आ गया.

मंगलवार 30 जून को टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में टॉस के बाद जब मुकाबला शुरू होने जा रहा था, तभी अचानक जो नजारा दिखा, उसने सबके होश उड़ा दिए. इस सेमीफाइनल में टीम की बल्लेबाजी की बड़ी उम्मीद डिएंड्रा डॉटिन को वेस्टइंडीज के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य उठाकर ले जाते हुए नजर आए. डॉटिन को वेस्टइंडीज के ड्रेसिंग रूम में ले जाया गया, जहां मेडिकल टीम ने उनकी जांच की. हालांकि, इस बारे में ICC या क्रिकेट वेस्टइंडीज की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई कि आखिर डॉटिन को हुआ क्या?

बैटिंग के लिए उतरी डॉटिन की ताबड़तोड़ पारी

इसने वेस्टइंडीज फैंस को चिंता में डाल दिया कि डॉटिन की स्थिति कहीं गंभीर तो नहीं. साथ ही ये चिंता भी होने लगी कि क्या वो इस सेमीफाइनल में खेल पाएंगी. फिर जब विंडीज पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई तो ये टेंशन और ज्यादा बढ़ गई. मगर जैसे ही वेस्टइंडीज ने सिर्फ 83 रन के स्कोर पर अपना छठा विकेट गंवाया, तभी डग आउट से पूरी तरह तैयार होकर डॉटिन क्रीज पर पहुंच गईं, जिसे देखकर खिलाड़ियों, फैंस और कमेंटेटर्स ने भी राहत की सांस ली. डॉटिन की वापसी आखिर में वेस्टइंडीज के लिए अहम साबित हुई. इस विस्फोटक बल्लेबाज ने सिर्फ 16 गेंदों पर 26 रन की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर वेस्टइंडीज किसी तरह 125 रन के स्कोर तक पहुंच सकी.

ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने बरपाया कहर

अगर वेस्टइंडीज की पारी की बात करें तो इसकी शुरुआत सधी हुई रही थी लेकिन जैसे ही टीम को पहला झटका लगा, पूरी पारी बिखर गई. टीम के लिए दमदार शुरुआत करने वाली कप्तान हेली मैथ्यूज को 9वें ओवर में स्पिनर जॉर्जिया वेयरहम ने बोल्ड कर दिया. इसके बाद तो ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने बाकी बल्लेबाजों को टिकने ही नहीं दिया. कप्तान सोफी मॉलिन्यू और ऐश्ली गार्डनर ने भी अपना कहर बरपाया और विंडीज बैटिंग लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया. तीनों स्पिनर्स ने 2-2 विकेट लिए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.