मिर्जापुर का मौत वाला स्कूल! बहन के साथ पढ़ने गया था मासूम, खेलते समय गिरी बाउंड्री वॉल; नीचे दबने से मौत
TV9 Bharatvarsh July 01, 2026 03:43 AM

Mirzapur School Wall Collapses: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सरकारी स्कूल की बाउंड्री वॉल गिरने से एक मासूम छात्र की मौत हो गई. घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई थी. स्कूल के प्रिंसिपल ने घायल छात्र तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. स्थानीय पुलिस का कहना है कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, शिकायत मिलने पर जांच और कार्रवाई की जाएगी.

मिर्जापुर के संत नगर थाना क्षेत्र के बहरछठ प्राइमरी स्कूल में मंगलवार एक दर्दनाक हादसा हो गया. बहन के साथ पढ़ने गए पहली क्लास के छात्र पर खेलते समय जर्जर बाउंड्री वॉल गिर गई. बताया जा रहा बहरछठ गांव के रहने वाले सोनू की बेटी कंचन और बेटा महेश गांव के ही स्कूल में पढ़ने गए थे. बेटा शौचालय के पास बाउंड्री वॉल पर खेल रहा था, अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसमें दबने से महेश गंभीर रुप से घायल हो गया.

इलाज के दौरान छात्र की मौत

प्रिंसिपल अर्जुन घायल को लेकर तत्काल पटेहरा अस्पताल पहुंचे, जहां से डॉक्टर महेंद्र चौधरी ने प्राथमिक उपचार देने के बाद छात्र की हालत गंभीर होने पर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया. यहां महेश की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया. छात्र महेश की मौत से मां गुंजा देवी और पिता सोनू का रो-रोकर बुरा हाल है.स्कूल के प्रिंसिपल अर्जुन पटेल बताया कि खेलते समय दीवार गिर गई थी.

ये भी पढ़ें: मिर्जापुर में शादी के नाम पर ठगी का खुलासा, 5 लोग गिरफ्तार… ऐसे फंसाते थे शिकार और फिर ऐंठ लेते थे पैसा

स्कूल परिवार ने छीनी जिंदगी

दीवार के नीचे दबने से महेश घायल हो गया. अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस पूरे मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से फिलहाल संपर्क नहीं हो पाया है. संत नगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है. सूचना मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी. ये घटना स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही को उजागर करती है, जिसने एक ही परिवार का मासूम छीन लिया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.