India vs England: इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने ऐसी बात कह दी है जो फैंस को हजम नहीं हो रही है. श्रेयस अय्यर ने मीडिया से बातचीत में आयरलैंड से मिली हार पर अपनी बात सामने रखी. कप्तान अय्यर ने कहा कि आयरलैंड से मिली हार शर्मनाक नहीं थी लेकिन उससे काफी निराशा हुई और उन्होंने ये माना कि आयरिश टीम ने टीम इंडिया से बेहतर खेल दिखाया. हालांकि श्रेयस अय्यर ने इस दौरान बेलफास्ट के मैदान को भी कहीं ना कहीं हार की वजह बता दिया. अय्यर ने कहा कि बेलफास्ट का मैदान स्टेडियम जैसा नहीं था इसलिए वहां टीम इंडिया को परेशानी हुई.
श्रेयर अय्यर ये क्या बोल गए?श्रेयस अय्यर ने दावा किया कि बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब का मैदान दूसरे क्रिकेट मैदानों की तुलना में काफी अलग था. जिसकी वजह से फील्डिंग सेट करने में काफी दिक्कत हुई. वहीं दूसरी ओर भारत के मैदान चारों तरफ से एक जैसे हैं और इसलिए वहां फील्ड सेट करना आसान होता है. श्रेयस अय्यर बोले, ‘बेलफास्ट का मैदान बिल्कुल भी स्टेडियम जैसा नहीं था. आउटफील्ड धीमी थी और समतल भी नहीं थी. साथ ही मैदान का आकार स्क्वायर था इसलिए सिंगल और डबल रन रोकना मुश्किल था. एक कप्तान के तौर पर मेरे लिए फील्डिंग सेट करना थोड़ा अटपटा सा लगता था, क्योंकि हमें इसकी आदत नहीं है.’ अय्यर ने कहा, ‘हम आईपीएल में खेल रहे थे, सभी मैदान हर दिशा से बिल्कुल समतल थे. इसलिए आयरिश मैदान थोड़ा चुनौतीपूर्ण था.’
लेकिन टीम तो बैटिंग की वजह से हारीश्रेयस अय्यर ने मैदान में कई खामियां गिना दी लेकिन सवाल ये है कि टीम इंडिया तो बैटिंग की वजह से हारी थी. दोनों टी20 मैचों में टीम इंडिया की गेंदबाजी ठीक-ठाक थी लेकिन बैटिंग के मोर्चे पर तो सभी बल्लेबाज फेल रहे. खुद श्रेयस अय्यर भी दोनों मैचों में फ्लॉप साबित हुए. गजब की बात ये है कि टीम इंडिया के खिलाड़ियों को टी20 क्रिकेट खेलने का काफी अनुभव है. उन्हें मैदान के बारे में पता था तो उन्होंने क्यों शॉट सेलेक्शन उसी के मुताबिक नहीं रखा? श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, खुद श्रेयस अय्यर बेहद खराब शॉट्स खेलकर आउट हुए. दरअसल यहां दिक्कत मैदान से ज्यादा टीम इंडिया के खिलाड़ियों की बुरी आदत थी. टीम इंडिया के खिलाड़ी आईपीएल में पाटा पिचों पर ढेरों रन बनाकर आए थे. उन्होंने आयरलैंड की पिच पर भी वही करने की कोशिश की और उसका नतीजा हार में निकला. अब उम्मीद है कि टीम इंडिया इंग्लैंड के मैदानों को समझ लेंगे और साथ ही बैटिंग-बॉलिंग में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ तो इंग्लैंड से भी टी20 सीरीज हार आप पक्की ही समझिए.