मुंबई में बारिश से पहले बरसे पैसे… 20 हजार सौदों के साथ हिट हुआ देश का पहला 'मौसम बाजार'
TV9 Bharatvarsh July 01, 2026 09:43 PM

इस साल मुंबई में मानसून ने हर किसी को लंबा इंतजार करवाया. आसमान में बादलों की लुकाछिपी चल रही थी, लेकिन इसी बीच कमोडिटी बाजार की दुनिया में एक नया इतिहास रचा जा रहा था. हम बात कर रहे हैं ‘रेनमुंबई’ (RAINMUMBAI) की, जो भारत का पहला मौसम आधारित डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट है. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पर इसकी शुरुआत हुए अभी एक ही महीना बीता है, लेकिन इसने अपने पहले ही महीने में करीब 20,000 लॉट्स के भारी-भरकम कारोबार का आंकड़ा पार कर लिया है. आखिर यह मौसम बाजार क्या है, इसमें सौदे कैसे होते हैं, इसका सीधा असर आम जीवन या कारोबारियों पर कैसे पड़ेगा? आइए समझते हैं.

सूखे जून ने कैसे बदल दिया ट्रेडिंग का खेल

मुंबई में जून महीने की शुरुआत हाल के वर्षों में सबसे सूखी रही. मानसून में हुई इस देरी के कारण शहर में पानी की उपलब्धता को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं. महीने के आखिर में जाकर बारिश ने कुछ रफ्तार पकड़ी. मौसम की इसी अनिश्चितता ने इस नए वित्तीय उत्पाद को खुद को साबित करने का एक बेहतरीन मौका दे दिया. रेनमुंबई कॉन्ट्रैक्ट शहर में होने वाली कुल बारिश को नहीं मापता है. इसके बजाय, यह इस बात पर नजर रखता है कि लंबी अवधि के ऐतिहासिक औसत (LPA) के मुकाबले बारिश में कितना भटकाव या उतार-चढ़ाव आया है. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, पहले महीने में हर दिन औसतन 1,000 लॉट्स की ट्रेडिंग हुई. 15 जून को बाजार में सबसे ज्यादा हलचल देखने को मिली, जब महज एक ही दिन में 2,039 लॉट्स का कारोबार दर्ज किया गया.

सट्टा नहीं, नुकसान से बचने का जुगाड़

पहली नजर में यह बारिश पर लगने वाले किसी दांव या सट्टे जैसा लग सकता है, लेकिन हकीकत में यह वित्तीय जोखिम से बचने का एक बेहद मजबूत टूल है. कई ऐसे कारोबार हैं जो मौसम के खराब होने पर करोड़ों का नुकसान उठाते हैं. अब तक ऐसे कारोबारी या तो पारंपरिक बीमा पर निर्भर थे या फिर इस नुकसान को बिजनेस का हिस्सा मानकर चुपचाप सह लेते थे. मई 2026 के अंत में लॉन्च हुए इस कॉन्ट्रैक्ट ने एक नई राह दिखाई है. यह पूरी तरह से नकद निपटान (कैश-सेटल) पर आधारित है. इसमें भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के सटीक आंकड़ों का इस्तेमाल होता है. यह सुविधा विशेष रूप से मानसून के चार मुख्य महीनों, जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए ही ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.