भारतीय टीम के लिए आयरलैंड की सीरीज बिल्कुल अच्छी नहीं रही और उसे 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. टीम इंडिया की इस शिकस्त की वजह एक भारतीय खिलाड़ी ही बना, जो आयरलैंड के लिए खेल रहा था. ये खिलाड़ी हैं तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा, जिन्होंने अपनी बॉलिंग से भारतीय बैटिंग को ध्वस्त कर दिया. डेब्यू मैच और सीरीज में ही ऐसे शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें मिला है. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मूंदड़ा को नई शुरू हो रही यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) की फ्रेंचाइजी रॉटरडम डॉकर्स ने खरीद लिया है, जहां उन्हें सबसे ज्यादा 55 हजार डॉलर सैलरी मिलेगी.
नीदरलैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड के क्रिकेट बोर्ड की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित हो रही नई लीग ETPLके पहले सीजन का ड्राफ्ट पूरा हो गया. गुरुवार 2 जुलाई को आयोजित हुए इस ड्राफ्ट में इन तीनों देशों के कई मशहूर और कुछ स्थानीय खिलाड़ियों ने ड्राफ्ट में हिस्सा लिया, जहां लीग की 6 फ्रेंचाइजियों ने उन्हें अपने-अपने स्क्वॉड में शामिल किया. इसमें आयरलैंड के वो सभी खिलाड़ी भी मौजूद थे, जिन्होंने हाल ही में टीम इंडिया पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी.
किस टीम से खेलेंगे जय मूंदड़ा?गुरुवार को हुए इस ड्राफ्ट के पहले राउंड में ही नीदरलैंड की फ्रेंचाइजी रॉटरडम डॉकर्स ने जय मूंदड़ा को सेलेक्ट किया. इस तरह वो सबसे पहले चुने जाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए. ड्राफ्ट के नियम के मुताबिक, पहले राउंड में चुने जाने वाले खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा 55 हजार डॉलर फीस मिलेगी. यानि मूंदड़ा को भी 55 हजार डॉलर (करीब 52 लाख रुपये) मिलेंगे.
मूंदड़ा के लिए ये टी20 सीरीज का इनाम ही है क्योंकि इस सीरीज से ही उन्होंने डेब्यू किया था और 2 मैच में 5 विकेट ले गए. उन्होंने नई गेंद से अपना कमाल दिखात हुए दूसरे टी20 में सिर्फ 10 गेंदों के अंदर संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर को पवेलियन लौटा दिया था. मूंदड़ा को इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था.
जॉन अब्राहम समेत ये हैं मालिकआपको बता दें कि रॉटरडम डॉकर्स को 4 लोगों ने मिलकर खरीदा है, जिसमें से एक भारत के मशहूर फिल्म एक्टर जॉन अब्राहम भी हैं. उनके अलावा साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जॉन्टी रोड्स, फाफ डुप्लेसी और हेनरिख क्लासन भी इस टीम के को-ओनर हैं. मजेदार बात ये है कि डुप्लेसी ही टीम के कप्तान भी हैं, जबकि क्लासन भी अपनी टीम के लिए खेलने उतरेंगे.