NEET PG 2026 Schedule: नीट पीजी के लिए आवेदन शुरू, जानें अप्लाई करने से लेकर एग्जाम तक का पूरा शेड्यूल
TV9 Bharatvarsh July 03, 2026 06:43 PM

पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्सों में एडमिशन की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET PG 2026 परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित होगी. इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. बोर्ड ने परीक्षा शहर की जानकारी, रिजल्ट की तारीख और आवेदन के लिए फीस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी शेयर की है.

NBEMS के अनुसार NEET PG 2026 परीक्षा 30 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में होगी.

21 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

NEET PG 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है. कैंडिडेट्स 21 जुलाई 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. बोर्ड ने सलाह दी है कि अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक से बचने के लिए समय रहते आवेदन पूरा कर लें.

कब मिलेगी परीक्षा शहर की जानकारी?

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 11 अगस्त 2026 को उनके परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे अभ्यर्थियों को यात्रा और ठहरने की तैयारी करने में आसानी होगी.

30 सितंबर को आएगा रिजल्ट

NBEMS के शेड्यूल के अनुसार NEET PG 2026 का रिजल्ट 30 सितंबर 2026 को घोषित किया जाएगा. सफल उम्मीदवार इसके बाद मेडिकल पीजी कोर्सों में एडमिशन के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे.

NEET PG 2026 का पूरा शेड्यूल
  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 1 जुलाई 2026 (शाम 5 बजे)
  • आवेदन की लास्ट डेट: 21 जुलाई 2026 (रात 11:55 बजे)
  • परीक्षा शहर की जानकारी: 11 अगस्त 2026
  • परीक्षा तिथि: 30 अगस्त 2026
  • रिजल्ट: 30 सितंबर 2026
आवेदन के लिए फीस
  • जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस: 3,500 रुपये
  • एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी: 2,500 रुपये
क्या है NEET PG?

NEET PG देशभर के MD, MS और पीजी डिप्लोमा मेडिकल कोर्सों में एडमिशन के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है. इस परीक्षा के बाद उम्मीदवारों को अलग-अलग राज्यों या निजी मेडिकल कॉलेजों की अलग प्रवेश परीक्षा नहीं देनी पड़ती.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस परीक्षा में वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से MBBS की डिग्री या प्रोविजनल MBBS पास सर्टिफिकेट प्राप्त किया हो. साथ ही NMC, पूर्व MCI या राज्य मेडिकल काउंसिल से जारी स्थायी या अस्थायी रजिस्ट्रेशन होना भी आवश्यक है.

ऐसे करें NEET PG 2026 के लिए आवेदन
  • NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
  • NEET PG 2026 या Application Link पर क्लिक करें.
  • New Registration करके जरूरी जानकारी दर्ज करें.
  • User ID और Password से लॉगिन करें.
  • आवेदन फॉर्म भरें और आवश्यक डॉक्यूमेंट अपलोड करें.
  • निर्धारित शुल्क का भुगतान करें.
  • सभी जानकारी जांचकर फॉर्म सबमिट करें और उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें.
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.