झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. परीक्षा में कुल 2203 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है और अब वो मुख्य (लिखित) परीक्षा में शामिल होने के लिए एलिजिबल होंगे. उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर देख सकते हैं. प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम झारखंड हाईकोर्ट के 30 जून 2026 के आदेश के बाद जारी किया गया है. मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 जुलाई से शुरू होकर 9 जुलाई 2026 तक चलेगी. यह भर्ती अभियान राज्य में 103 पदों को भरने के लिए आयोजित किया जा रहा है.
आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं. यह प्रारंभिक परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी.
ऐसे करें रिजल्ट चेकउम्मीदवार JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां ‘P.T. Result of the Recruitment of Jharkhand Combined Civil Services Examination (Regular)-2025 Advt. No. 01/2026’ लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद खुलने वाली पीडीएफ फाइल में अपना रोल नंबर खोजकर रिजल्ट देख सकते हैं.
मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन की तारीखेंमुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 जुलाई से 9 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे. ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी और जरूरी डॉक्यूमेंट्स आयोग कार्यालय में 14 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक जमा करना अनिवार्य होगा. मुख्य परीक्षा 18, 19 और 20 जुलाई 2026 को रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रस्तावित है.
इन बातों का रखें ध्यानमुख्य परीक्षा के आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को भाषा और साहित्य के एक विषय का चयन करना होगा. इसके अलावा आंसर राईटिंग और इंटरव्यू के लिए हिंदी या अंग्रेजी में से किसी एक भाषा का चुनाव करना अनिवार्य रहेगा. अभ्यर्थियों को नौ सेवाओं या संवर्गों के लिए अपनी प्राथमिकता भी भरनी होगी. आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण से जुड़े प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), सरकारी कर्मचारियों के लिए एनओसी और भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित आवश्यक डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे.
हार्ड कॉपी और सहायता की जानकारीऑनलाइन आवेदन की प्रिंट कॉपी के साथ सभी सेल्फ अटेस्टिड डॉक्यूमेंट स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक या स्वयं आयोग के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं. लिफाफे पर विज्ञापन संख्या, रजिस्ट्रेशन नंबर और परीक्षा का नाम स्पष्ट रूप से लिखना जरूरी होगा. आवेदन प्रक्रिया में किसी भी तरह की परेशानी होने पर उम्मीदवार कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोग की हेल्पलाइन या ईमेल के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं.