Ludhiana news: पंजाब के लुधियाना से रिश्तों को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां दो महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली एक नवविवाहिता अपने 14 वर्षीय नाबालिग देवर के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई. परिजनों का आरोप है कि महिला अपने देवर को बहला-फुसलाकर साथ ले गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, घटना मेहरबान थाना क्षेत्र की है. शिकायतकर्ता सुरेश सिंह ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं. बड़े बेटे सन्नी सिंह ने करीब दो महीने पहले मुस्कान नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था. दोनों एक ही फैक्ट्री में काम करते थे और वहीं उनकी मुलाकात हुई थी. परिवार की सहमति से दोनों की शादी हुई, जबकि छोटा बेटा अभी 14 साल का है और स्कूल की छुट्टियों के कारण घर पर ही रहता था.
देवर के साथ बढ़ी नजदीकियांपरिजनों का कहना है कि शादी के बाद मुस्कान का अपने नाबालिग देवर के साथ काफी लगाव हो गया था. घर के बाकी सदस्य नौकरी पर चले जाते थे, जबकि मुस्कान, सास और छोटा बेटा दिनभर घर पर रहते थे. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. परिवार का आरोप है कि मुस्कान ने धीरे-धीरे नाबालिग को अपने प्रभाव में ले लिया.
सहेली के साथ बनाई योजनासुरेश सिंह के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले मुस्कान ने अपनी एक सहेली को घर बुलाया था. वह पूरी रात घर पर रुकी. अगले दिन सुबह परिवार के पुरुष सदस्य काम पर चले गए. दोपहर करीब 12 बजे मुस्कान अपनी सहेली और नाबालिग देवर के साथ घर से निकल गई. उस समय घर में मौजूद सास घरेलू काम में व्यस्त थीं और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी.
ये भी पढ़ें- UP, उत्तराखंड और अब मध्य प्रदेश…कहां तक फैला ई-रिक्शा हैकिंग का जाल?
CCTV और इंस्टाग्राम से मिला सुराग
जब काफी देर तक तीनों वापस नहीं लौटे तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में मुस्कान और उसकी सहेली नाबालिग को साथ ले जाते हुए दिखाई दीं. बाद में पता चला कि तीनों लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. इसी दौरान मुस्कान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें नाबालिग सीढ़ियों पर बैठा दिखाई दे रहा था और उसके चेहरे पर किस वाली इमोजी लगाई गई थी. इसके कुछ देर बाद महिला ने अपना मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिया.
परिजनों का आरोप है कि मुस्कान घर से करीब 10 हजार रुपये नकद, अपने गहने और हाल ही में खरीदा गया मोबाइल भी साथ ले गई. वहीं, नाबालिग ने अपने चाचा को एक संदेश भेजकर कहा कि उसे कुछ लोगों ने पकड़ रखा है और उसे भाभी के बारे में कोई जानकारी नहीं है.
मेहरबान थाना पुलिस ने पिता की शिकायत पर महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने महिला की सहेली से भी पूछताछ की, लेकिन फिलहाल उसे छोड़ दिया गया है.