Rewa Tuition Teacher Assault: एमपी के रीवा जिले में ट्यूशन टीचर द्वारा एक छात्रा की पिटाई करने का मामला सामने आया है. शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ट्यूशन सेंटर की शिक्षिका और उसके पति पर छठवीं कक्षा की 10 वर्षीय छात्रा के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि छात्रा पहाड़ा ठीक से नहीं सुना सकी, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई. शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिजनों के अनुसार, बच्ची रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने गई थी. पढ़ाई के दौरान जब वह पहाड़ा नहीं सुना पाई तो ट्यूशन शिक्षिका साक्षी चौबे कथित रूप से गुस्सा हो गईं. आरोप है कि उन्होंने अपने पति गोलू चौबे को भी बुला लिया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर छात्रा की डंडों, लात-घूंसों से पिटाई की. इस दौरान बच्ची के शरीर पर कई जगह चोटें आईं और मारपीट के निशान भी दिखाई दिए.
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायतघर पहुंचने पर बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और ट्यूशन शिक्षिका व उसके पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. परिजनों का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ इस तरह की हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस कर रही मामले की जांचशिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छात्रा का मेडिकल टेस्ट कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, छात्रा और परिजनों के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
इस घटना की चर्चा इलाके भर में हो रही है. अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर शारीरिक हिंसा किसी भी स्थिति में उचित नहीं है. वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – गिरे बैल को बचाने कुएं में उतरे 3 लोगों की मौत, कैसे गई जान?