पानी पानी मुंबई! प्राइवेट कंपनियों को WFH की सलाह, सरकारी ऑफिस में आधे दिन की छुट्टी… उड़ानें-ट्रेनें प्रभावित; रेड अलर्ट
TV9 Bharatvarsh July 06, 2026 04:43 PM

Maharashtra Heavy Rain Alert: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मुंबई और आसपास के इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. हालात को देखते हुए प्रशासन ने निजी कंपनियों को कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू करने की सलाह दी है, जबकि सरकारी कर्मचारियों को आधे दिन की छुट्टी देने का फैसला किया गया है. लोगों से भी अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है.

राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, जलभराव और भूस्खलन के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है. महाराष्ट्र सरकार ने स्थिति की समीक्षा के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है. कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि राज्य के कई इलाकों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं और कई क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने लोगों से पर्यटन स्थलों की यात्रा टालने और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.

हवाई सेवाएं हुईं प्रभावित

भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है. एयर इंडिया ने मुंबई और दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि खराब मौसम के कारण फ्लाइट संचालन प्रभावित हो सकता है. यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की अपील की गई है.

रेल सेवा भी बाधित

रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. भाईंदर और वसई के बीच रेलवे पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण पश्चिम रेलवे ने कई ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी है, जबकि कुछ सेवाएं रद्द कर दी गई हैं. भाईंदर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है. वहीं, पालघर जिले के सफाले रेलवे स्टेशन पर पटरियों पर पानी भर गया है, जिससे चर्चगेट-दहानू लोकल सेवाएं वसई के आगे बाधित हो गई हैं.

ये इलाके हुए पानी-पानी

वसई-विरार, मधुबन और आसपास के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. रायगढ़ जिले में लगातार बारिश के कारण आंबा नदी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. मुंबई-गोवा हाईवे पर कई जगह जलभराव से यातायात प्रभावित है. प्रसिद्ध अष्टविनायक श्री बल्लालेश्वर मंदिर में भी बाढ़ का पानी घुस गया है और मंदिर परिसर जलमग्न हो गया है.

24 घंटे में रिकार्ड 625 मिमी बारिश

पर्यटन नगरी लोनावला में पिछले 24 घंटों में 625 मिमी रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है, जो इस मानसून सीजन में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है. लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का मिसिंग लिंक भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है.

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

ये भी पढ़ें – महाराष्ट्र: बारिश का कहर! मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद, रेलवे ट्रैक डूबे

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.