Maya Tata: टाटा ग्रुप में लीडरशिप में बदलाव की तैयारी चल रही है. इस क्रम में नोएल टाटा (Noel Tata) की बेटी और रतन टाटा (Ratan Tata) की भतीजी माया टाटा (Maya Tata) ट्रेंट में एक बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 37 साल की माया टाटा अब टाटा ग्रुप की फ्लैगशिप फैशन रिटेल चेन वेस्टसाइड (Westside) के ओवरसीज ई-कॉमर्स मार्केटिंग का कमान संभालने जा रही हैं.
माया टाटा ने हाल ही में टाटा ग्रुप की ही कंपनी टाटा डिजिटल से अपना इस्तीफा दिया और Trent Ltd का रुख करने का फैसला लिया. उम्मीद है कि वह डिजिटल कॉमर्स, कस्टमर एक्विजिशन और ऑनलाइन रिटेल में अपने पिछले अनुभवों का इस्तेमाल वेस्टसाइड की ऑनलाइन ग्रोथ के लिए करेंगी.
ट्रेंट लिमिटेड वेस्टसाइड को सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रखकर अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में एक ग्लोबल इंडियन ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहता है. इसी क्रम में कंपनी ने हाल ही में UAE में भी एंट्री ली. माया टाटा कंपनी की इस ग्लोबल ई-कॉमर्स की पहुंच को और मजबूत करेंगी. फिलहाल देश भर में वेस्टसाइड के 300 से ज्यादा फिजिकल स्टोर्स हैं. माया टाटा की जिम्मेदारी इन स्टोर्स को उनके ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़कर डिजिटली इसके सेल को बढ़ाना है.
ट्रेंट में, माया टाटा अपने भाई नेविल टाटा के साथ काम करेंगी, जो ट्रेंट के हाइपरमार्केट बिजनेस 'स्टार बाजार' के हेड हैं. उनकी बहन लिया टाटा ग्रुप के हॉस्पिटैलिटी सेगमेंट यानी कि ताज ग्रुप्स में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत है. जहां एक तरफ नेविल और लिया समूह से जुड़ने के बाद एक ही बिजनेस से जुड़े हुए हैं. वहीं, माया टाटा ने ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों में काम किया है.
नोएल टाटा के तीनों बच्चे टाटा संस (जो टाटा ट्रस्ट्स की मुख्य शेयरहोल्डर है) के तहत विभिन्न एलाइड और छोटे ट्रस्ट्स के बोर्ड में शामिल हैं. नेविल 'सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट' के बोर्ड में भी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, माया टाटा का यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब नोएल टाटा 'टाटा डिजिटल' पर फोकस कर रहे हैं क्योंकि हाल और उन्होंने कंपनी को हो रहे नुकसान को लेकर चिंता जताई थी. हो सकता है कि ऐसे माहौल में वह अपनी बेटी को ऐसी कंपनी में शिफ्ट करना चाहते हैं, तो पहले से अच्छी स्थिति में है.