हारा हुआ मैच जीता जिम्बाब्वे, 141 रनों पर सिमटने के बाद गेंदबाजों ने पलटी बाजी, बांग्लादेश के जबड़े से छीनी जीत
TV9 Bharatvarsh July 06, 2026 11:43 PM

BAN vs ZIM 1st ODI: क्रिकेट के मैदान पर कब क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में एक ऐसा ही उलटफेर देखने को मिला है. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा के 6 विकेटों के आगे सिर्फ 141 रनों पर ढेर होने वाली जिम्बाब्वे की टीम ने अपनी जादुई गेंदबाजी के दम पर हारा हुआ मैच जीत लिया. छोटे से टारगेट का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की गेंदबाजी के आगे पूरी तरह बिखर गई और मेजबान टीम ने 25 रनों से सीरीज का पहला मुकाबला अपने नाम कर लिया.

नाहिद राणा का ऐतिहासिक स्पेल गया बेकार

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत काफी खराब रही. बांग्लादेश के रफ्तार के सौदागर नाहिद राणा ने कड़ा प्रहार करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए. उनकी खतरनाक गेंदों का जिम्बाब्वे के पास कोई जवाब नहीं था और पूरी टीम 36.4 ओवरों में सिर्फ 141 रनों पर सिमट गई. जिम्बाब्वे के लिए न्यूमैन न्यामहुरी ने 33 रन और रिचर्ड नगारवा ने 27 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया, जो बाद में मैच जिताऊ साबित हुआ.

ताश के पत्तों की तरह ढह गई बांग्लादेश की पारी

142 रनों के आसान से टारगेट का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम को उम्मीद नहीं होगी कि उनके लिए यह सफर इतना दर्दनाक होने वाला है. जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मेहमान टीम पर दबाव बनाए रखा. लगातार विकेट गिरने के कारण बांग्लादेश की टीम पूरी तरह बैकफुट पर आ गई. रिचर्ड नगारवा ने कमाल की गेंदबाजी की और 7.1 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए.

ब्रैड इवांस ने भी कमाल का स्पेल फेंका और 10 ओवर में 34 रन देते हुए 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. वहीं, न्यूमैन न्याम्हुरी और ब्लेसिंग मुजरबानी के नाम 2-2 सफलता रहीं, जिसके चलते बांग्लादेश की टीम 33.1 ओवर में 116 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. खास बात ये भी रही कि जिम्बाब्वे ने इस दौरान सिर्फ 4 गेंदबाजों का ही इस्तेमाल किया और ये चारों गेंदबाज टीम को जीत दिलाने में कामयाब रहे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.