रामनगर में बनेगा उत्तराखंड का पहला हाईटेक बस पोर्ट, 200 से ज्यादा बसों का होगा संचालन
TV9 Bharatvarsh July 06, 2026 11:43 PM

Ramnagar News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते रविवार को नैनीताल जिले के रामनगर दौरे के दौरान बहुप्रतीक्षित हाईटेक बस पोर्ट परियोजना को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि रामनगर में बन रहे बस पोर्ट का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा और इसे जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम लोगों को जल्द से जल्द इस आधुनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिले.

एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस होगा ये बस पोर्ट

रामनगर का यह बस पोर्ट उत्तराखंड का पहला आधुनिक बस पोर्ट माना जा रहा है. इसकी आधारशिला वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रखी थी. शुरुआत में इस परियोजना की लागत लगभग 28 करोड़ रुपए बताई गई थी. बाद में निर्माण लागत बढ़ने और अतिरिक्त बजट की आवश्यकता के कारण परियोजना की गति प्रभावित हुई. कुछ समय तक बजट के अभाव में निर्माण कार्य भी रुका रहा, लेकिन अब मुख्यमंत्री के ताजा निर्देशों के बाद इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद फिर से मजबूत हो गई है.

ये भी पढ़ें- 2017 में लगे थे पोल, अब तक नहीं जले बल्ब! 11 साल बाद नैनीताल के सुंदरखाल में फिर जागी रोशनी की उम्मीद

यह बस पोर्ट केवल एक बस अड्डा नहीं होगा, बल्कि यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा. यहां पूरी तरह वातानुकूलित प्रतीक्षालय, एस्केलेटर, लिफ्ट, फूड कोर्ट, बुक स्टॉल, हाईटेक शौचालय, चालक और परिचालकों के लिए अलग विश्राम कक्ष और 100 से अधिक वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है.

अभी सिर्फ 70 बसों का होता है संचालन

वर्तमान में रामनगर रोडवेज स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 70 बसों का संचालन होता है. अधिकारियों का अनुमान है कि बस पोर्ट शुरू होने के बाद यह संख्या बढ़कर 200 से अधिक हो सकती है. इससे उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के लिए भी बेहतर बस सेवाएं उपलब्ध होंगी. इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा.

कुमाऊं क्षेत्र का महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र

रामनगर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के साथ-साथ कुमाऊं क्षेत्र का महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र भी है. हर वर्ष लाखों पर्यटक यहां पहुंचते हैं. ऐसे में आधुनिक बस पोर्ट शुरू होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की परिवहन व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी. स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी इससे सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. सड़क, पुल, परिवहन और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि रामनगर बस पोर्ट का निर्माण जल्द पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा.

रामनगर को मिलेगी एक नई पहचान

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस पोर्ट समय पर शुरू हो जाता है तो रामनगर की पहचान एक आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में स्थापित होगी. इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास और पर्यटन उद्योग को भी नई गति मिलेगी. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद निर्माण कार्य कितनी तेजी से पूरा होता है और यह महत्वाकांक्षी परियोजना आखिर कब आम जनता के लिए शुरू होती है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.