Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले के मायापुर गांव में एक नाबालिग लड़की को डायन बताकर उसे बेरहमी से पीटा गया, फिर गर्म लोहे से दाग दिया गया. पीड़िता की मां की शिकायत पर मांगलियावास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मायापुर निवासी रामप्यारी पत्नी पुखराज ने मांगलियावास थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि घटना उस समय हुई, जब वह अपने खेत में घास लेने गई हुई थीं. घर पर उनकी बेटी और अन्य लड़कियां अकेली थीं. इसी दौरान गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और कथित तौर पर बेटी को अपने साथ माताजी के मंदिर ले गए.
लड़की को डायन बताकर पीटाशिकायत के अनुसार, मंदिर पहुंचने के बाद आरोपियों ने लड़की को डायन बताकर उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि इस दौरान सुखपाल उर्फ सूरज ने लोहे की एक वस्तु को गर्म कर उसके शरीर पर कई जगह दाग दिया, जिससे वह घायल हो गई. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आरोपी लगातार उसके साथ गाली-गलौज करते रहे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
रामप्यारी ने अपनी शिकायत में काली पत्नी करतार, सुखपाल उर्फ सूरज, महेंद्र पुत्र गोपाल, रेखा पत्नी कैलाश, सीमा पत्नी मेवा, रमती पत्नी अन्ना और गीता पत्नी स्वर्गीय गोपाल को नामजद किया है. उनका आरोप है कि सभी लोग मिलकर उनकी बेटी को जबरन मंदिर ले गए और वहां उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया.
ये भी पढ़ें- 300 करोड़ की संपत्ति-गुप्त डायरी; DSP भीम रेड्डी कैसे बन गया धनकुबेर?
पीड़िता की मां और पिता पुखराज ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच एएसआई हुकुम सिंह राठौड़ को सौंपी गई है.
क्या बोले अधिकारी?एएसआई हुकुम सिंह राठौड़ ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह निर्धारित समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी. इसी कारण उसका मेडिकल परीक्षण नहीं हो पाया. उन्होंने कहा कि जैसे ही पीड़िता उपस्थित होगी, उसका मेडिकल करवाया जाएगा, जिससे चोटों की पुष्टि हो सके और जांच को आगे बढ़ाया जा सके.
फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है. मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.