योगी सरकार का मेगा ग्रीन मिशन, गंगा-यमुना समेत 13 नदियों के किनारे लगेंगे 3.83 करोड़ से अधिक पौधे
Webdunia Hindi July 08, 2026 01:43 AM

योगी सरकार पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत उत्तर प्रदेश में 13 प्रमुख नदियों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधरोपण करेगी। गंगा, यमुना, गोमती, सरयू, समेत कई प्रमुख नदियों के किनारे पौधरोपण होगा। गंगा के किनारे 4495.72 हेक्टेयर में 79.86 लाख से अधिक पौधरोपण होगा तो यमुना किनारे सर्वाधिक 647 स्थल चिह्नित किए गए हैं, जहां पौधरोपण कराए जाएंगे। नदियों के तट से पांच किमी. की परिधि में कुल 2673 स्थल चिह्नित किए गए हैं, इनके किनारे 22240 हेक्टेयर से अधिक में 3.83 करोड़ से अधिक पौधरोपण होगा। 

 

यमुना नदी के तट क्षेत्र पर होंगे सर्वाधिक पौधरोपण 

सीएम योगी के निर्देश पर नदियों के किनारे पौधरोपण होंगे। अविरल धारा पौधरोपण कार्यक्रम के तहत यमुना नदी के तट पर सर्वाधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। यमुना के कैचमेंट एरिया में 647 स्थलों पर 6531.77 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 1 करोड़, 8 लाख, 18 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वहीं गंगा नदी के किनारे 603 स्थलों पर 4495.72 हेक्टेयर में पौधे लगाए जाएंगे। इसके किनारे 79.86 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। गंगा किनारे के वन प्रभागों प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, गाजीपुर, मीरजापुर, भदोही, काशी वन्यजीव व बलिया आदि में यह पौधरोपण प्रस्तावित है। 

 

इन 13 नदियों के समीप होगा अविरल धारा पौधरोपण

 

क्रम  नदी    स्थल   क्षेत्रफल (हेक्टेयर)   पौधों की संख्या 

1  यमुना       647      6531.77 1,08,18,731

2 गंगा         603       4495.72          79,86,512

3 गोमती        297      1521.5          31,37,845

4 सरयू/घाघरा   254      1635.58         27,75,860

5  सई        238      1032.52          23,29,609

6  बेतवा       171       3281.76         52,35,132

7 राप्ती       155          1037.67         16,60,272

8 छोटी गंडक   105       513.00          8,20,800

9  सोन        67        970.63         14,77,158 

10  रामगंगा    51        268.51         4,49,978

11  केन       39       667.9            10,68,381

12  हिंडन     33        131.55          3,16,480

13  चंबल     13         152.00           2,28,200

 

कुल--     2673        22240.11        3,83,04,958 

 

 

मुख्य वन संरक्षक (प्रचार/प्रसार), वन विभाग अदिति शर्मा ने कहा कि पौधरोपण महायज्ञ-2026 के दौरान वन विभाग की तरफ से प्रदेश में 13 नदियों के किनारे अविरल धारा पौधरोपण कराया जाएगा। इसमें मां गंगा, मां यमुना, मां सरयू आदि के नदियों के तट से 5 किमी. की परिधि में पौधरोपण होगा। नदियों के किनारे 3.83 करोड़ से अधिक पौधरोपण को लेकर भी विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री जी के दिशा-निर्देशन में पौधरोपण महायज्ञ उत्सव के साथ मनाया जाएगा।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.