सावन में काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रोटोकॉल और वीआईपी दर्शन होंगे बंद, काशी के लोगों के लिए होगी अलग व्यवस्था
TV9 Bharatvarsh July 08, 2026 05:43 PM

सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. इस बार पूरे सावन महीने में काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे. मंदिर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की विशेष सिफारिश या वीआईपी एंट्री नहीं मिलेगी और सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार में लगकर ही दर्शन करने होंगे. इसके साथ ही प्रशासन ने दलालों और फर्जी वीआईपी दर्शन के झांसे से भी सावधान रहने की अपील की है.

इस वर्ष सावन का महीना 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 28 अगस्त 2026 (रक्षाबंधन) तक रहेगा. इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. सावन को लेकर वाराणसी जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रशासन की संयुक्त बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं. बैठक में तय किया गया है कि पूरे सावन के महीने के दौरान प्रोटोकॉल और वीआईपी दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

मंदिर प्रशासन ने साफ कहा है कि पूरे सावन महीने में वीआईपी या प्रोटोकॉल के जरिए दर्शन की कोई व्यवस्था नहीं होगी. किसी भी व्यक्ति की विशेष दर्शन की सिफारिश या अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी के बहकावे या लालच में न आएं और सिर्फ सामान्य कतार में लगकर ही दर्शन करें. साथ ही यह भी कहा गया है कि कोई भी वीआईपी या विशेष व्यक्ति प्रोटोकॉल के लिए अनुरोध न भेजे, क्योंकि ऐसे सभी अनुरोध खारिज कर दिए जाएंगे. मंदिर प्रशासन ने लोगों को दलालों से भी सावधान रहने की सलाह दी है.

श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश के प्रमुख द्वार इस प्रकार हैं…
  • गेट नंबर-4
  • काशी द्वार मार्ग 4B
  • नंदू फारिया प्रवेश मार्ग
  • सिल्को प्रवेश मार्ग
  • ढुंढिराज प्रवेश मार्ग
  • सरस्वती फाटक प्रवेश मार्ग
  • भैरव द्वार प्रवेश मार्ग (श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट की ओर से)

धाम में सामान्य रूप से इन सभी द्वारों से श्रद्धालुओं का प्रवेश होता है. हालांकि, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट की ओर से श्रद्धालुओं का प्रवेश अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जा सकता है.

काशीवासियों को विशेष सौगात

सरकार के निर्देश पर निर्णय लिया गया है कि काशी के लोगों के लिए सावन के महीने में पड़ने वाले सोमवार और पर्व दिवसों को छोड़कर रोज सुबह 4 बजे से 5 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक झांकी दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

की जाएगी लाइव स्ट्रीमिंग

जो श्रद्धालु किसी कारणवश धाम नहीं पहुंच सकते, उनके लिए पूरे पवित्र सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन-पूजन की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी रहेगी. लाइव दर्शन मंदिर न्यास की वेबसाइट, मंदिर न्यास के आधिकारिक यूट्यूब चैनल तथा आधिकारिक प्रसारण साझेदार टाटा स्काई के प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे.

किन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध?

बैठक में निर्णय लिया गया है कि धाम में प्रवेश से पहले श्रद्धालु प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित वस्तुएं, जैसे स्मार्ट वॉच (डिजिटल घड़ी), मोबाइल फोन, ईयरफोन, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थ, कॉस्मेटिक सामान, बड़े बैग तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं अपने साथ लेकर कतार में न लगें.

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इन वस्तुओं को अपने होटल, घर या ठहरने के स्थान पर ही छोड़कर दर्शन के लिए आएं, अन्यथा उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ सकता है. प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से इन नियमों का पालन कर दर्शन व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने में सहयोग करने की अपील की है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.