गर्ल्स हॉस्टल में आधी रात को जहरीले करैत सांप ने 4 छात्राओं को डसा, एक की मौत… इसके जहर के आगे कोबरा भी फेल
TV9 Bharatvarsh July 09, 2026 03:43 PM

Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है. यहां कुडू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रोचो माहुआटोली स्थित सनवासिरा हायर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल के गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार की आधी रात को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब छात्राओं के कमरे में एक अत्यधिक जहरीला करैत सांप घुस गया. सांप ने बिस्तर पर सो रही चार मासूम छात्राओं को अपना शिकार बना लिया. सर्पदंश के कारण एक 13 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है. इस घटना के बाद से हॉस्टल के बच्चों और मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, हॉस्टल की सभी छात्राएं रात का खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो चुकी थीं. इसी बीच रात करीब 11 बजे एक जहरीला करैत सांप उनके कमरे में दाखिल हो गया. सांप ने सबसे पहले बिस्तर पर सो रही 13 वर्षीय छात्रा वर्षा ओरांव को डसा. सांप के काटते ही वर्षा तेज दर्द से चीख उठी.

वर्षा की आवाज सुनकर कमरे में सो रही बाकी लड़कियां हड़बड़ाकर जाग गईं. लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या कमरे से बाहर भाग पाता, करैत सांप ने अनीशा ओरांव, मनीषा कुमारी और फुलमानिया ओरांव को भी बारी-बारी से डस लिया.

किंग कोबरा से 4 गुना ज्यादा घातक होता है करैत

हॉस्टल में चार बच्चियों को डसने वाला सांप भारतीय उपमहाद्वीप का सबसे खतरनाक और जहरीला सांप करैत (Common Krait) बताया जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, करैत सांप का जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है और यह ‘किंग कोबरा’ से भी करीब 4 गुना अधिक घातक माना जाता है. इसके काटने पर इंसान को नींद में ही पैरालिसिस (लकवा) मार जाता है और समय पर इलाज न मिलने से फेफड़े काम करना बंद कर देते हैं, जिससे मौत हो जाती है.

ये भी पढ़ें: 5 बच्चों का बाप गर्लफ्रेंड संग फुर्र, बेबस पत्नी चला रही ई-रिक्शा, रो-रोकर बोली- सब माफ कर दूंगी, बस

अस्पताल पहुंचते ही एक मृत घोषित, दो की हालत नाजुक

कमरे में चीख-पुकार सुनकर स्कूल के शिक्षक और स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे. चारों लहूलुहान और अचेत छात्राओं को आनन-फानन में लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया. सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद वर्षा ओरांव को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने 14 वर्षीय मनीषा कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में ही शुरू किया है, जबकि 11 वर्षीय फुलमानिया ओरांव और अनीसा कुमारी की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची रेफर कर दिया गया है.

अस्पताल में जुटी भीड़, पुलिस जांच में जुटी

घटना की खबर फैलते ही पीड़ित छात्राओं के परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ सदर अस्पताल परिसर में जमा हो गई. हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है. कुडू पुलिस स्टेशन के प्रभारी अजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को घटना की आधिकारिक सूचना मिल चुकी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत वैधानिक कार्रवाई व जांच शुरू कर दी गई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.