दवा जैसी स्मूदी... हत्या के बाद गर्लफेंड को भेजी पत्नी की लाश की तस्वीर, अमेरिका में भारतीय इंजीनियर गिरफ्तार
हर्षित गौतम, एबीपी लाइव July 09, 2026 07:12 PM

अमेरिका के वॉशिंगटन में रहने वाले भारतीय इंजीनियर पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस ने करीब नौ महीने की जांच के बाद 30 वर्षीय अविनाश नार्ने को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसने अपनी 27 वर्षीय पत्नी राजीथा सब्बिनेनी की गला दबाकर हत्या की और मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की.

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों और अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, राजीथा ने अपनी मौत से पहले कई बार शिकायत की थी कि अविनाश द्वारा बनाए गए पेय का स्वाद सामान्य नहीं होता था. उसने कथित तौर पर कहा था कि एक स्मूदी का स्वाद 'दवा' और 'कफ सिरप'  जैसा लग रहा है. पुलिस का दावा है कि जांच में ऐसे कई सबूत मिले हैं, जिनसे अविनाश पर हत्या का शक मजबूत हुआ.

यह भी पढ़ें : कौन से हैं वो 8 शहर जहां फूटा ट्रंप का गुस्सा, अमेरिका ने जमकर बरसाए बम, बंदर अब्बास भी लिस्ट में शामिल

शादी के बाद विवाद

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की शादी जून 2025 में हुई थी और जुलाई 2025 से वे अमेरिका के वॉशिंगटन में साथ रहने लगे थे. जांच में सामने आया कि शादी से पहले अविनाश का भारत में एक महिला के साथ प्रेम संबंध था. पुलिस का कहना है कि शादी के बाद भी वह उसके संपर्क में बना रहा.

प्रेम संबंध का खुलासा

जांच अधिकारियों के अनुसार, अविनाश की कॉल डिटेल, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच की गई. इन्हीं सबूतों के आधार पर जांच का शक उस पर गया. पुलिस का आरोप है कि वह भारत में रह रही अपनी कथित प्रेमिका के साथ लगातार संपर्क में था और उसी संबंध के चलते उसने हत्या की योजना बनाई.

शव की तस्वीर भेजी

अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, पत्नी की मौत के बाद भी अविनाश अपनी कथित प्रेमिका से बात करता रहा. जांच में यह भी सामने आया कि उसने राजीथा के शव की तस्वीर भी उसे भेजी थी. पुलिस के मुताबिक, हत्या वाले दिन उसने उस महिला से चार बार बात की थी.

जांच में गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 को अविनाश ने आपातकालीन सेवा को फोन कर बताया कि वह बाहर से लौटने पर पत्नी को बाथरूम में बंद और बेहोश अवस्था में मिला. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर राजीथा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामले को हत्या मानकर जांच शुरू की गई. करीब नौ महीने की जांच के बाद अविनाश को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल वह 50 लाख डॉलर के बॉन्ड पर जेल में है. दोषी साबित होने पर उसे वॉशिंगटन राज्य के कानून के तहत उम्रकैद की सजा हो सकती है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.