नई नवेली Nissan Tekton या Kia Seltos, किस गाड़ी को खरीदना है फायदे का सौदा? जानिए अंतर
सोमनाथ चटर्जी July 11, 2026 10:42 PM

भारतीय SUV बाजार में कॉम्पैक्ट SUVs की मांग लगातार बढ़ रही है. इसी को देखते हुए Nissan अपनी नई Tekton SUV के साथ इस सेगमेंट में वापसी करने जा रही है. इस कार का मुकाबला सीधे Kia Seltos से होगा, जो पहले से ही इस कैटेगरी की सबसे पॉपुलर गाड़ियों में से एक है. अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं तो आइए जानते हैं कि इन दोनों गाड़ियों में क्या-क्या अंतर है और कौन-सी कार ज्यादा बेहतर साबित हो सकती है?

दोनों गाड़ियों का साइज 

Kia Seltos लंबाई, चौड़ाई और व्हीलबेस के मामले में Nissan Tekton से बड़ी है. Seltos सड़क पर ज्यादा बड़ी और प्रीमियम दिखाई देती है. वहीं दूसरी ओर Tekton का ग्राउंड क्लीयरेंस ज्यादा है, जिससे खराब रास्तों पर इसे चलाना आसान होगा. इसके अलावा Tekton में बड़ा बूट स्पेस मिलने की उम्मीद है, यानी लंबे सफर के दौरान ज्यादा सामान रखा जा सकेगा.

अब इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो Nissan Tekton में दो टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेंगे. पहला 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन होगा, जो करीब 100 बीएचपी की पावर देगा और इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलेगा. दूसरा 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन होगा, जो 160 बीएचपी की पावर देगा. इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड वेट क्लच DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलेगा.

गाड़ियों का इंजन और फीचर्स

वहीं Kia Seltos में 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 115 बीएचपी की पावर देता है. इसके अलावा 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी मौजूद है, जो 150 बीएचपी की ताकत पैदा करता है. इसमें मैनुअल, CVT और DCT गियरबॉक्स के ऑप्शन मिलते हैं. Seltos की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 115 बीएचपी वाला 1.5 लीटर डीजल इंजन भी मिलता है, जिसके साथ मैनुअल और टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मौजूद है. यानी जिन ग्राहकों को डीजल इंजन चाहिए, उनके लिए फिलहाल Seltos बेहतर ऑप्शन है.

फीचर्स की बात करें तो दोनों गाड़ियां काफी मॉडर्न और प्रीमियम हैं. दोनों में पैनोरमिक सनरूफ, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, ADAS सेफ्टी फीचर्स, वेंटिलेटेड सीट्स और कई एडवांस टेक्नोलॉजी फीचर्स देखने को मिलते हैं, हालांकि Kia Seltos में हेड-अप डिस्प्ले (HUD) और इलेक्ट्रिक सीट्स के ज्यादा एडजस्टमेंट जैसे एक्स्ट्रा फीचर्स मिलते हैं. दूसरी तरफ Nissan Tekton में पावर्ड टेलगेट और पावर्ड फ्रंट पैसेंजर सीट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जो इसे अलग बनाती हैं.

कितनी है कीमत?

अगर कीमत की बात करें तो Nissan Tekton ज्यादा किफायती ऑप्शन है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 10.40 लाख रुपये है, जबकि इसका टॉप मॉडल लगभग 18.50 लाख रुपये तक जाता है. वहीं Kia Seltos की कीमत लगभग 11 लाख रुपये से शुरू होकर 22 लाख रुपये तक जाती है. ऐसे में कम कीमत में दमदार फीचर्स और अच्छा इंजन चाहने वालों के लिए Tekton एक मजबूत ऑप्शन बन सकती है, जबकि ज्यादा फीचर्स, डीजल इंजन और ब्रांड वैल्यू चाहने वाले ग्राहकों के लिए Kia Seltos अब भी एक बेहतरीन SUV बनी हुई है.

-

सिर्फ कम टायर प्रेशर से हर साल 4,500 करोड़ रुपये का फ्यूल हो रहा बर्बाद, जानिए कैसे? 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.