Karimnagar News: तेलंगाना के करीमनगर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लगातार हुई मौतों के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई हैं. करीमनगर नगर पालिका क्षेत्र के जम्मीकुंटा के 13वें और 14वें वार्ड में पिछले कुछ दिनों के दौरान अलग-अलग कारणों से करीब 10 लोगों की मौत हो गई. इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और लोग डर से साये में जी रहे हैं.
ग्रामीणों ने मौतों की वजह जानने के लिए स्थानीय पुजारी से संपर्क किया. पुजारी ने दावा किया कि क्षेत्र में किसी बुरी शक्ति का प्रभाव है और उससे बचने के लिए लोगों को कुछ समय के लिए गांव छोड़ देना चाहिए. पुजारी की सलाह पर रविवार सुबह करीब 5 बजे बस्ती के लोगों ने अपने घरों में ताला लगाया और परिवार के साथ गांव के बाहरी इलाके तथा जंगल की ओर चले गए.
ग्रामीणों ने घरों में नहीं बनाया खानापरंपरा के अनुसार ग्रामीणों ने अपने घरों में भोजन नहीं बनाया. उन्होंने जंगल के पास खुले स्थान पर खाना पकाया और पूरा दिन वहीं बिताया. शाम को अंधेरा होने के बाद ही सभी लोग अपने घर लौटे. ग्रामीणों का मानना है कि ऐसा करने से गांव पर आई विपत्ति और अशुभ प्रभाव दूर हो जाएगा. उनका कहना है कि पहले भी बारिश नहीं होने जैसी परिस्थितियों में इसी तरह की परंपरा निभाई जाती रही है.
वहीं स्थानीय सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने इस तरह की मान्यताओं पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि लगातार हो रही मौतों के पीछे स्वास्थ्य संबंधी या अन्य वैज्ञानिक कारण हो सकते हैं, जिनकी जांच कराना जरूरी है.
सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित इलाके में तत्काल चिकित्सा शिविर लगाए जाएं, लोगों की स्वास्थ्य जांच कराई जाए और मौतों के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए, ताकि अफवाहों और अंधविश्वास पर रोक लगाई जा सके.
ये भी पढ़ें – उत्तराखंड में 126 सड़कें बंद…रेड अलर्ट, बारिश से शिमला का बुरा हाल