दिल्ली में मजलिस पार्क मेट्रो के पास दर्दनाक हादसा, स्कूल बस की टक्कर से 12 साल की छात्रा की मौत, चालक गिरफ्तार
TV9 Bharatvarsh July 14, 2026 03:43 PM

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्रा की जान चली गई. हादसा मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुआ. घटनाक्रम में एक स्कूल बस ने स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी.

पुलिस के मुताबिक, टक्कर लगते ही ई-रिक्शा में बैठी 12 वर्षीय प्रियांशी सड़क पर गिर गई और बस के नीचे आ गई. गंभीर हालत में उसे तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे में किसी अन्य बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है.

सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जांच में सामने आया कि स्कूल बस कमल सिंह (55) चला रहा था, जबकि ई-रिक्शा अजय प्रसाद (45) चला रहा था. पुलिस ने बस चालक को मौके से हिरासत में ले लिया है.

घटनास्थल पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने जांच की. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है. छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है.

इस मामले में आदर्श नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.