दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की फॉरेनर सेल ने एक अवैध बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है. ये गिरफ्तारी दिल्ली के जहांगीर पुरी इलाके से हुई है. पुलिस की फॉरेनर सेल ने युवक को गिरफ्तार करके उसेनिर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया के लिए एफआरआरओ के हवाले कर दिया.
आरोपी भारत में बिना किसी वैध दस्तावेज के रह रहा था. पुलिस के मुताबिक, वह रात के समय ट्रांसजेंडर का भेष बदलकर अवैध गतिविधियों में शामिल रहता था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भलस्वा फ्लाईओवर के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है.
सूचना के आधार पर फॉरेनर सेल की टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान वह अपने भारतीय होने का कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका. जांच में उसकी पहचान बांग्लादेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले 44 वर्षीय सुकांता चंद्र दास उर्फ माधुरी के रूप में हुई.
पुलिस को क्या-क्या मिला?पूछताछ में सामने आया कि वह काफी समय से अवैध रूप से भारत में रह रहा था और रात के समय ट्रांसजेंडर का भेष बदलकर अवैध गतिविधियां करता था.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया है, जिसमें प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल मिला. फोन की गैलरी से बांग्लादेश के पहचान संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं. पूरी जांच के बाद आरोपी को एफआरआरओ के सामने पेश किया गया, जहां से उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.