Sawai Madhopur school News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में एक महिला टीचर पर छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है. आरोप है कि 500 रुपये की चोरी के शक में टीचर ने छात्राओं को कपड़े उतारने के लिए कहा. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीचर को सस्पेंड कर दिया है.
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में कार्यरत वरिष्ठ टीचर सरस्वती मीणा के कक्षा में रखे 500 रुपये कथित तौर पर गायब हो गए थे. आरोप है कि इसके बाद उन्होंने क्लासरूम में मौजूद छात्राओं पर चोरी का संदेह जताया. शिकायत के मुताबिक, शिक्षिका ने छात्राओं को निर्वस्त्र करने की कोशिश की और कथित तौर पर यह भी कहा कि जो छात्रा कपड़े नहीं उतारेगी, वह तुरंत 500 रुपये जमा कराए. शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
ग्रामीणों और छात्रों का प्रदर्शनघटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए. लोगों ने स्कूल परिसर के बाहर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार पर धरना शुरू कर दिया. प्रदर्शन में स्कूल के छात्र-छात्राएं भी शामिल हो गए.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के चलते स्कूल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा. मामले की सूचना संयुक्त निदेशक तक पहुंची. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त निदेशक ने वरिष्ठ अध्यापिका सरस्वती मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए.
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, राजाखेड़ा (जिला धौलपुर) निर्धारित किया गया है. इसके अलावा आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि इस मामले में अन्य किसी शिक्षक की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
कार्रवाई के बाद खत्म हुआ धरनाशिक्षिका के निलंबन की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया. हालांकि, उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में छात्रों की गरिमा, सुरक्षा और शिक्षकों के आचरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट- बजरंग सिंह, सवाई माधोपुर